दुनिया में धर्मों की आबादी को लेकर एक बड़ा अनुमान सामने आया है। प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले वर्षों में धार्मिक जनसंख्या का संतुलन बदल सकता है। रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि इस्लाम मानने वालों की आबादी तेजी से बढ़ रही है और 2035 तक यह ईसाई आबादी को पीछे छोड़ सकती है। फिलहाल दुनिया में ईसाई सबसे बड़ा धार्मिक समुदाय है, जबकि मुस्लिम आबादी दूसरे स्थान पर है। ऐसे में सवाल है कि अगर यही रफ्तार जारी रही तो आने वाले दशकों में दुनिया का धार्मिक नक्शा कितना बदल जाएगा?
2035 तक मुस्लिम आबादी निकल सकती है आगे
प्यू रिसर्च के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 में दुनिया में करीब 227 करोड़ ईसाई और 202 करोड़ मुस्लिम थे। अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर लगभग 257 करोड़ हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या करीब 252 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। इस बढ़ोतरी के पीछे एक प्रमुख वजह मुस्लिम समुदाय में अपेक्षाकृत अधिक जन्म दर बताई गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अलग-अलग धार्मिक समुदायों की उम्र और परिवार में बच्चों की औसत संख्या भी उनकी आबादी की रफ्तार को प्रभावित करती है। यही कारण है कि मुस्लिम आबादी में वृद्धि अन्य प्रमुख धार्मिक समूहों की तुलना में तेज रहने का अनुमान है।
2070 तक दुनिया की तस्वीर में होगा बड़ा बदलाव
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर मौजूदा जनसंख्या वृद्धि का रुझान जारी रहता है तो 2070 तक दुनिया में मुस्लिम आबादी 360 करोड़ से अधिक हो सकती है। वहीं, ईसाई आबादी 300 करोड़ से कुछ कम रहने का अनुमान है। वर्ष 2020 से 2070 के बीच वैश्विक आबादी में लगभग 29 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। इस दौरान मुस्लिम आबादी करीब 80 प्रतिशत और ईसाई आबादी लगभग 30 प्रतिशत बढ़ सकती है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि आने वाले दशकों में दोनों धर्मों के बीच जनसंख्या का अंतर तेजी से बदल सकता है।
हिंदू, यहूदी और बौद्ध धर्म को लेकर क्या है अनुमान?
प्यू रिसर्च के अनुसार, हिंदू और यहूदी समुदायों की कुल आबादी में बढ़ोतरी होने की संभावना है, लेकिन दुनिया की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी घट सकती है। वहीं, बौद्ध धर्म को मानने वालों की संख्या और वैश्विक आबादी में उनका प्रतिशत दोनों कम होने का अनुमान है। इसके पीछे चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में घटती जन्म दर और जनसंख्या में गिरावट को प्रमुख वजह माना गया है। हालांकि, ये सभी आंकड़े जनसंख्या के मौजूदा रुझानों पर आधारित अनुमान हैं, भविष्य की निश्चित तस्वीर नहीं। आने वाले वर्षों में जन्म दर, प्रवासन और सामाजिक बदलाव इन आंकड़ों को प्रभावित कर सकते हैं।
Read more-दुबई के सर्वर से चल रहा था करोड़ों का खेल, एक साथ 16 ठिकानों पर पड़ी रेड तो खुला यह बड़ा राज!







