IPL 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम के विस्फोटक ओपनर ट्रेविस हेड अगले सीजन में खेलते नजर नहीं आएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने खुद आईपीएल से दूरी बनाने का फैसला किया है। इसकी मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का व्यस्त कार्यक्रम और अपना वर्कलोड कम रखना बताया जा रहा है। हेड पिछले कुछ सीजन से सनराइजर्स के लिए अहम भूमिका निभा रहे थे। अभिषेक शर्मा के साथ उनकी ओपनिंग जोड़ी ने कई मुकाबलों में विरोधी गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। ऐसे में उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
14 करोड़ रुपये की रकम अब SRH के पर्स में आएगी
ट्रेविस हेड को सनराइजर्स हैदराबाद ने 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। उनके अगले सीजन से हटने की खबर के बाद टीम के पास एक बड़ा बजट खाली होने की संभावना है। अगर फ्रेंचाइजी उन्हें रिलीज करती है, तो यह रकम उसके पर्स में वापस जुड़ सकती है। इससे टीम को नीलामी में किसी दूसरे बड़े बल्लेबाज या विदेशी ओपनर को खरीदने का मौका मिलेगा। हालांकि, हेड की जगह भरना आसान नहीं होगा, क्योंकि वह तेज शुरुआत देने के साथ लंबी पारी खेलने की क्षमता भी रखते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त कार्यक्रम ने बढ़ाई मुश्किल
हेड के फैसले के पीछे ऑस्ट्रेलिया का आने वाला क्रिकेट कैलेंडर अहम माना जा रहा है। आईपीएल 2027 से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद जून में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल प्रस्तावित है। फिर ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में हिस्सा लेना है। इतना ही नहीं, साल के आखिर में वनडे विश्व कप 2027 भी खेला जाना है। लगातार बड़े टूर्नामेंट और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के कारण खिलाड़ियों पर दबाव बढ़ना तय है।
अभिषेक शर्मा के साथ कौन करेगा ओपनिंग?
ट्रेविस हेड के बाहर होने से सनराइजर्स हैदराबाद के सामने सबसे बड़ी चुनौती नई ओपनिंग जोड़ी तैयार करने की होगी। अभिषेक शर्मा के साथ हेड की आक्रामक बल्लेबाजी टीम को तेज शुरुआत दिलाती थी। अब फ्रेंचाइजी को नीलामी में ऐसे खिलाड़ी की तलाश करनी पड़ सकती है, जो इस कमी को पूरा कर सके। रिटेंशन लिस्ट और नीलामी से पहले इस खबर ने SRH की रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। अब देखना होगा कि टीम किस खिलाड़ी पर दांव लगाती है।








