कर्नाटक के प्रस्तावित मेकेदातु डैम को लेकर अब कांग्रेस के भीतर भी खींचतान शुरू हो गई है। एक तरफ कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार इस परियोजना को जल्द मंजूरी देने की मांग कर रहे हैं, वहीं तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने इसका खुलकर विरोध किया है। खास बात यह है कि दोनों नेता एक ही पार्टी से जुड़े हैं, लेकिन इस मुद्दे पर उनके विचार बिल्कुल अलग हैं। मणिकम ने साफ कहा है कि यह परियोजना तमिलनाडु के किसानों के हितों को प्रभावित कर सकती है।
मणिकम टैगोर ने डीके शिवकुमार को घेरा
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कर्नाटक के सीएम के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में डीके शिवकुमार ने मेकेदातु डैम को कोई नहीं रोक सकता और केंद्र को अंतिम मंजूरी देनी चाहिए, ऐसी बात कही थी। मणिकम ने इसे संघवाद की भावना के खिलाफ बताया। उनका तर्क है कि कावेरी नदी के पानी पर तमिलनाडु का भी अधिकार है और किसी भी परियोजना से उसके हित प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने केंद्र से मांग की कि तमिलनाडु की सहमति के बिना डैम को मंजूरी न दी जाए।
डीके शिवकुमार ने केंद्र से क्या मांग की?
दरअसल, डीके शिवकुमार ने बीते शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी के सामने मेकेदातु परियोजना के लिए जरूरी कानूनी मंजूरियों की प्रक्रिया तेज करने की अपील की थी। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद कानूनी स्थिति स्पष्ट है और अब परियोजना को आगे बढ़ाने में देरी नहीं होनी चाहिए। कर्नाटक सरकार इस डैम को बेंगलुरु की पेयजल जरूरतों के लिहाज से अहम मानती है। शिवकुमार का गृह क्षेत्र कनकपुरा भी प्रस्तावित परियोजना के स्थान के करीब है।
आखिर क्यों तमिलनाडु कर रहा है विरोध?
मेकेदातु डैम कावेरी नदी पर बनाया जाना प्रस्तावित है। कर्नाटक का दावा है कि इससे बेंगलुरु को पीने का पानी मिलेगा और सूखे के समय जल प्रबंधन में मदद मिलेगी। वहीं तमिलनाडु को आशंका है कि बांध बनने से कावेरी के पानी का प्रवाह प्रभावित हो सकता है, जिससे डेल्टा क्षेत्र के किसानों और उनकी खेती पर असर पड़ेगा। इसी वजह से राज्य इस परियोजना का विरोध कर रहा है। मणिकम टैगोर ने चेतावनी दी है कि तमिलनाडु कांग्रेस अपने राज्य के हितों की रक्षा के लिए इस परियोजना के खिलाफ संघर्ष करेगी। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व इस अंदरूनी मतभेद को कैसे संभालता है।
Read More-महाकाल मंदिर में VIP परिवार की मनमानी? विधायक के बेटे के वायरल वीडियो के बाद मचा बवाल








