उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी कड़ी में आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी की बड़ी बैठक होने जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ सभी जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी शामिल होंगे। सुबह 10 बजे से होने वाली इस बैठक में सबसे बड़ा मुद्दा SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का रहने की संभावना है। प्रदेश की वोटर लिस्ट से करीब 3 करोड़ 28 लाख नाम हटने के आंकड़े ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। ऐसे में बीजेपी की नजर हर विधानसभा क्षेत्र और बूथ पर मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने पर है।
3.28 करोड़ नाम कटने से बीजेपी की बढ़ी चिंता
उत्तर प्रदेश में SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटने का मामला चर्चा में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस मुद्दे पर चिंता जता चुके हैं। बीजेपी को आशंका है कि उसके परंपरागत समर्थकों के नाम भी बड़ी संख्या में प्रभावित हुए हैं। यही वजह है कि पार्टी अब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संगठन के सभी स्तरों को सक्रिय कर रही है।
जिला अध्यक्षों और प्रभारियों को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
लखनऊ में होने वाली बैठक में जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों को मतदाता सूची से जुड़े अभियान की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। पार्टी की योजना विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक टीमें तैयार करने की है। 17 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष अभियान को लेकर भी विस्तृत रणनीति बनाई जाएगी। इसके तहत घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटाने और जिन लोगों के नाम सूची में नहीं हैं, उनकी फॉर्म भरने में मदद करने पर जोर रहेगा।
डोर-टू-डोर अभियान में जुटे बीजेपी कार्यकर्ता
बीजेपी ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। बूथ अध्यक्षों, पार्षदों और स्थानीय नेताओं को इस अभियान में लगाया गया है। पार्टी का लक्ष्य करीब 1 करोड़ 27 लाख प्रभावित मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने में मदद करना बताया जा रहा है। लखनऊ के कैंट और सरोजनी नगर जैसे क्षेत्रों में भी स्थानीय पदाधिकारी घर-घर जाकर वोटर लिस्ट का मिलान कर रहे हैं और जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रक्रिया में लोगों की मदद कर रहे हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा संगठनात्मक प्लान
इस बैठक का मकसद सिर्फ वोटर लिस्ट की समीक्षा करना नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करना भी है। पार्टी नए विधानसभा प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर ध्यान देगी। बूथ स्तर पर मतदाताओं तक पहुंचने, छूटे हुए नामों की पहचान करने और अभियान को समय पर पूरा करने की रणनीति तैयार की जाएगी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री योगी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में बैठक से क्या फैसले निकलते हैं और बीजेपी अपने इस अभियान को किस तरह आगे बढ़ाती है।








