पोस्टमार्टम रूम में आखिर क्या कर रहे थे डॉक्टर? वीडियो वायरल होते ही अस्पताल प्रशासन ने लिया बड़ा एक्शन

Pune News: महाराष्ट्र के पुणे स्थित यशवंतराव चव्हाण स्मृति (YCM) अस्पताल से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसने अस्पताल प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रूम में कथित तौर पर शराब पीने के मामले में मेडिकल ऑफिसर डॉ. वैभव अविनाश म्हस्के को निलंबित कर दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका ने कार्रवाई की। अब इस मामले में विभागीय जांच भी की जा रही है।

मृत्यु प्रमाण पत्र के इंतजार में था परिजन

जानकारी के मुताबिक, घटना 15 अक्टूबर की रात की है। एक व्यक्ति अपने परिजन का मृत्यु प्रमाण पत्र लेने के लिए अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम के बाहर काफी देर तक इंतजार कर रहा था। जब कोई बाहर नहीं आया, तो उसने खिड़की से अंदर देखा। आरोप है कि वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शराब पी रहे थे। व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि विभागीय जांच के जरिए की जाएगी।

मनपा आयुक्त के आदेश पर डॉक्टर निलंबित

मामले की जानकारी मिलने के बाद पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त आयुक्त कुलदीप जंगम ने संबंधित डॉक्टर और उनके अधीनस्थ कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। इसके बाद मनपा आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने 16 अक्टूबर को डॉ. वैभव म्हस्के को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश भी दिए हैं। घटना ने अस्पताल में ड्यूटी के दौरान जिम्मेदारी और पेशेवर आचरण को लेकर बहस छेड़ दी है।

15 दिनों में चार्जशीट, विभागीय जांच से खुलेगा पूरा मामला

प्रशासन के मुताबिक, डॉक्टर के खिलाफ महाराष्ट्र सिविल सेवा (आचरण) नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। निलंबन अवधि में डॉक्टर को पिंपरी-चिंचवड़ मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी और वह निजी प्रैक्टिस या अन्य व्यवसाय भी नहीं कर सकेंगे। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि घटना के दौरान क्या हुआ था और इसमें अन्य कर्मचारियों की कोई भूमिका थी या नहीं। इस मामले में प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।

Read More-रूस से तेल खरीदने पर भारत को लेकर ट्रंप ने किया बड़ा ऐलान, टैरिफ पर क्या कहा?

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img