पंजाब के संगरूर में एक लॉटरी टिकट ने किसी एक शख्स की किस्मत पलट दी है। संगरूर बस स्टैंड के पास स्थित शिव भोले लॉटरी स्टॉल से बिके टिकट पर 1 करोड़ रुपये का इनाम निकला है। रिजल्ट आए हुए तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक टिकट का विजेता इनाम लेने के लिए सामने नहीं आया है। इसके बाद से दुकानदार और आसपास के लोग उस व्यक्ति की तलाश में जुटे हैं, जिसके पास करोड़ों रुपये का यह टिकट हो सकता है।
दुकानदार ने लोगों से की टिकट चेक करने की अपील
लॉटरी स्टॉल संचालक के मुताबिक, उन्हें टिकट के 1 करोड़ रुपये का इनाम जीतने की जानकारी मिल चुकी है, लेकिन विजेता की पहचान अभी नहीं हो सकी है। ऐसे में दुकानदार ने संगरूर बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में लॉटरी खरीदने वाले लोगों से अपने टिकट दोबारा जांचने की अपील की है। संभव है कि विजेता ने टिकट तो खरीद लिया हो, लेकिन उसे अभी तक यह पता ही न चला हो कि उसकी किस्मत करोड़ों रुपये में बदल चुकी है।
तीन दिन से सबसे बड़ा सवाल- करोड़पति कौन है?
इनाम की खबर सामने आने के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की है कि आखिर वह शख्स कौन है, जिसके टिकट पर 1 करोड़ रुपये निकले हैं। लॉटरी स्टॉल पर भी लोग विजेता के सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। अगर टिकट खरीदने वाला व्यक्ति समय रहते अपना टिकट पहचान लेता है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया पूरी करके इनाम का दावा कर सकता है। फिलहाल तीन दिन बाद भी विजेता का सामने नहीं आना इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना रहा है।
संगरूर में पहले भी मजदूर बना था करोड़पति
संगरूर में लॉटरी से करोड़पति बनने का यह पहला मामला नहीं है। साल 2018 में मांडवी गांव के मजदूर मनोज कुमार ने पंजाब स्टेट राखी बंपर में 1.5 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीता था। बताया गया था कि उन्होंने 200 रुपये का टिकट खरीदने के लिए पैसे उधार लिए थे। लॉटरी जीतने के बाद उन्होंने विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर अपना दावा पेश किया था। अब एक बार फिर संगरूर में 1 करोड़ रुपये की लॉटरी ने लोगों का ध्यान खींच लिया है।








