सोशल मीडिया पर ‘वड़ा पाव गर्ल’ के नाम से पहचान बनाने वाली चंद्रिका दीक्षित एक बार फिर अपने ठेले पर नजर आ रही हैं। उनका नया वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मोमो के ठेले पर खड़ी होकर ग्राहकों के लिए खाना तैयार करती दिख रही हैं। चंद्रिका ने वड़ा पाव बेचकर सोशल मीडिया पर खूब लोकप्रियता हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने अपना स्टोर शुरू किया, जहां वह वड़ा पाव बेचने लगीं। अब उन्हें दोबारा कार्ट पर देखकर कई लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर वह दुकान छोड़कर फिर से ठेले पर क्यों आ गई हैं।
इस बार वड़ा पाव नहीं, मोमो लेकर आईं
वायरल वीडियो में एक इंफ्लुएंसर चंद्रिका से पूछता है कि वह फिर से ठेले पर क्यों आ गई हैं। इस पर चंद्रिका साफ कहती हैं कि वह कार्ट पर क्यों नहीं रह सकतीं। इसके बाद वह बताती हैं कि इस बार ठेले पर वड़ा पाव नहीं, बल्कि खास मोमो लेकर आई हैं। चंद्रिका के मुताबिक, उन्होंने लोगों के लिए एक नया फूड आइटम शुरू किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके वड़ा पाव की बिक्री बंद नहीं हुई है और उनकी दुकान पर वड़ा पाव पहले की तरह चल रहा है। मौसम में बदलाव को देखते हुए उन्होंने गर्मागर्म मोमो का नया विकल्प लोगों के सामने रखा है। वीडियो में वह खुद मोमो तैयार करती हुई भी दिखाई दे रही हैं।
बिग बॉस OTT 3 से निजी जिंदगी तक चर्चा में रहीं चंद्रिका
चंद्रिका दीक्षित को ‘बिग बॉस OTT 3’ में भी देखा जा चुका है, जहां वह शो का हिस्सा बनी थीं और अनिल कपूर ने इसे होस्ट किया था। रियलिटी शो के बाद भी वह लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय बनी हुई हैं। हाल के समय में उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। उनके पति यश दीक्षित के साथ रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आई थीं और दोनों की ओर से एक-दूसरे पर कई आरोप लगाए गए थे। बाद में दोनों के बीच सुलह की खबर भी सामने आई। अब नए वीडियो के जरिए चंद्रिका एक बार फिर अपने फूड बिजनेस को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनके करीब 7 लाख फॉलोअर्स हैं और उनके नए फूड एक्सपेरिमेंट को लेकर लोगों की नजर बनी हुई है।
Read more-टीम इंडिया में हुई भुवनेश्वर कुमार की वापसी, इस टूर्नामेंट में फिर पहनेंगे नीली जर्सी








