India vs Australia U19: राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए तीसरे यूथ वनडे में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी टीम 49.3 ओवर में 254 रन पर सिमट गई। जेड हॉलिक ने 87 रन और नील पटेल ने 51 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की। भारत की ओर से मनल चौहान और मोहित उल्वा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा काव्या पटेल और आर्यन सवसाणी को भी एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य रायचंदानी ने जड़ा शानदार शतक
255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ठीक रही। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने आर्यवीर सहवाग के साथ पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। इसके बाद लक्ष्य ने कुशाग्र ओझा के साथ 85 रन की साझेदारी करके पारी को मजबूत किया। कुशाग्र ने 45 रन बनाए। भारत ने बीच में कुछ विकेट गंवाए, लेकिन कप्तान लक्ष्य एक छोर पर डटे रहे। उन्होंने 106 गेंदों पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 110 रन की शानदार पारी खेली।
41.2 ओवर में हासिल किया लक्ष्य, सीरीज में क्लीन स्वीप
लक्ष्य को रजत बघेल का भी अच्छा साथ मिला। रजत ने सिर्फ 34 गेंदों में 44 रन की नाबाद पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 80 रन की अटूट साझेदारी कर भारत को 41.2 ओवर में ही जीत दिला दी। भारत ने 255 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय अंडर-19 टीम ने तीन मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से सफाया कर दिया। भारत ने पहला मैच 7 रन और दूसरा मुकाबला 103 रन से जीता था।
Read More-सड़क पर अचानक पीला-पीला क्या फैल गया? ट्रक के पास बर्तन लेकर उमड़ी भीड़, वीडियो वायरल








