उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित जीएलए विश्वविद्यालय (GLA University) के विधि संकाय के प्रतिभाशाली छात्र रौनक उपमन्यु ने अपनी मेहनत और असाधारण प्रतिभा के दम पर एक ऐसा इतिहास रच दिया है, जिस पर पूरे देश और ब्रज क्षेत्र को गर्व है। लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए रौनक ने राष्ट्रीय स्तर की सैकड़ों डिबेट प्रतियोगिताओं में परचम लहराया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता और विधिक समझ को देखते हुए उन्हें लंदन की प्रतिष्ठित क्वीन मेरी लॉ यूनिवर्सिटी से बैरिस्टर (LLM) की शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिला है। खास बात यह है कि उनकी इस उच्च शिक्षा और विदेश यात्रा का पूरा खर्च जीएलए विश्वविद्यालय द्वारा वहन किया जाएगा, जो किसी भी छात्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
312 बार प्रथम स्थान पाकर बनाया अनोखा राष्ट्रीय रिकॉर्ड
रौनक उपमन्यु की यह सफलता रातों-रात नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और गजब की तर्कशक्ति जुड़ी है। उन्होंने देश भर में आयोजित मून (MUN) और यूथ पार्लियामेंट की कुल 596 डिबेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इनमें से रिकॉर्ड 340 प्रतियोगिताओं में मुकाबला करते हुए उन्होंने 312 बार प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा, उन्होंने 235 प्रतिष्ठित डिबेट प्रतियोगिताओं में निर्णायक (Judge) की भूमिका भी निभाई और खुद 21 प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया। आईआईटी दिल्ली, दिल्ली विश्वविद्यालय, आईआईएम और देश के कई नामचीन संस्थानों में उन्होंने अपनी वक्तृत्व कला का ऐसा लोहा मनवाया कि वे देश के पहले ऐसे छात्र-डिबेटर बन गए हैं जिन्होंने इतनी भारी संख्या में शीर्ष स्थान प्राप्त किए हैं।
दिग्गज नेताओं और मंत्रियों से मिल चुका है सम्मान
अपनी शानदार भाषण शैली और विधिक तर्कों के बल पर रौनक ने कई राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर बड़े पुरस्कार जीते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज में आयोजित एक प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रथम आने पर उन्हें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया था। इसके अलावा, इंदौर इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ और कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित युवा संसद प्रतियोगिताओं में भी वे अव्वल रहे, जहां उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला और सांसद राजीव शुक्ला जैसे दिग्गजों का सानिध्य और सम्मान प्राप्त हुआ। पिछले आठ महीनों में ही 58 प्रथम पुरस्कार जीतकर उन्होंने अपनी अद्भुत क्षमता का फिर से परिचय दिया है।
जीएलए यूनिवर्सिटी का सहयोग और भविष्य की नई उड़ान
रौनक के इस मुकाम तक पहुंचने में जीएलए विश्वविद्यालय के उच्च शिक्षा के माहौल, नियमित मूट कोर्ट और अनुभवी प्राध्यापकों के मार्गदर्शन का बहुत बड़ा योगदान रहा है। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता और विधि संकाय के डीन प्रो. सोमेश धमीजा समेत तमाम अधिकारियों ने रौनक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। आपको बता दें कि रौनक उपमन्यु नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (NUJ-I) के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष वरिष्ठ एडवोकेट डॉ. कमलकांत उपमन्यु के सुपुत्र हैं। अब वे लंदन के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां वे अपनी इस नई पारी से देश और ब्रज का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।







