Mumbai News: मुंबई के भुलेश्वर इलाके में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां ‘भुलेश्वर चा राजा’ की 22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा को ले जाते समय अचानक संतुलन बिगड़ गया और मूर्ति गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वहीं, आयोजकों ने मूर्ति पर अंडे फेंके जाने का भी आरोप लगाया है।
मूर्ति गिरते ही मची चीख-पुकार, 2 लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10:30 बजे 22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा को भायखला से भुलेश्वर ले जाया जा रहा था। मंडप से करीब 50-60 मीटर पहले अचानक मूर्ति का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिर गई। इसकी चपेट में आने से करीब सात लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, बीएमसी अधिकारी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां 33 वर्षीय संकेत नेवशे और 30 वर्षीय बृजेश हेमंत जोशी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में वैभव घेनांद, पवन चौरसिया, लावण्या गनेर, दिव्या गनेर और कुणाल काशिद शामिल हैं।
अंडे फेंके जाने का आरोप, कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद गणपति मंडल के पदाधिकारियों ने घटना पर नाराजगी जताई है। अखिल पब्लिक फेस्टिवल समिति के अध्यक्ष हितेश जाधव ने दावा किया कि गणपति की प्रतिमा के आगमन के दौरान आसपास की इमारतों से किसी ने उस पर अंडे फेंके। उनका कहना है कि इस घटना के बाद स्थिति बिगड़ी और लोगों में तनाव बढ़ गया। उन्होंने पुलिस से 24 घंटे के भीतर मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार की ओर से भी मदद का आश्वासन मिलने की बात कही गई है। हालांकि, अंडे फेंके जाने का आरोप जांच का विषय है।
गणेशोत्सव से पहले हादसे ने बढ़ाई चिंता
मुंबई और महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बेहद बड़े स्तर पर मनाया जाता है। गणेश चतुर्थी से पहले ही सार्वजनिक गणपति मंडलों में तैयारियां शुरू हो जाती हैं और बड़ी-बड़ी प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाया जाता है। भुलेश्वर की इस घटना ने प्रतिमा ले जाते समय सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के साथ-साथ अंडे फेंके जाने के आरोप की भी पड़ताल की जा सकती है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और गणपति मंडल से जुड़े लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Read More-8 साल तक पति से छिपाकर रखे थे 12 लाख रुपये, ट्रंक खोला तो उड़ गए होश! चूहों ने कर दिया ऐसा हाल








