PM पर संसद में फेंके अंडे, महिला सांसद ने कहा- ‘शर्म आनी चाहिए’, जानें फिर क्या हुआ

Kosovo News: दुनिया के कई देशों की संसदों में राजनीतिक बहस के दौरान हंगामा देखने को मिलता है, लेकिन कोसोवो की संसद में शनिवार को ऐसा मामला सामने आया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। यहां विपक्ष की एक महिला सांसद ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ती पर कई अंडे फेंक दिए। घटना के बाद संसद की कार्यवाही रोकनी पड़ी। महिला सांसद ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए जोर से कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत प्रधानमंत्री को घेर लिया और स्थिति को संभाला।

 PM के सामने पहुंचीं विपक्षी सांसद और फेंकने लगीं अंडे

यह घटना उस समय हुई जब कोसोवो की संसद में नई सरकार और संस्थाओं के गठन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बातचीत चल रही थी। विपक्षी पार्टी अलायंस फॉर द फ्यूचर ऑफ कोसोवो की सांसद टाइम काद्रिजाज प्रधानमंत्री के पास पहुंचीं। कुर्ती आगे की पंक्ति में बैठे हुए थे। इसी दौरान सांसद ने उनकी तरफ कई अंडे फेंक दिए। अचानक हुए इस विरोध से संसद में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मचारियों और दूसरे सांसदों ने तुरंत बीच में आकर प्रधानमंत्री को सुरक्षित किया। घटना के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें शर्म करने की बात कही।

 हंगामे के बाद संसद की कार्यवाही रोकी गई

अंडे फेंके जाने के बाद संसद में स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। सुरक्षा कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ती को चारों तरफ से घेर लिया। वहीं संसद की अध्यक्ष ने घटना के बाद लाइव प्रसारण बंद करने का निर्देश दिया। कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही भी रोक दी गई। बाद में विपक्षी सांसद टाइम काद्रिजाज ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कुर्ती ज्यादा परेशान नजर नहीं आए। उन्होंने बाद में इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया भी दी।

PM कुर्ती बोले- बातचीत के लिए अंडे भी खाने पड़ें तो तैयार हूं

प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ती ने अंडे फेंके जाने की घटना पर कहा कि अगर राजनीतिक बातचीत को जारी रखने की कीमत उनके ऊपर अंडे फेंका जाना है, तो वह यह कीमत चुकाने के लिए तैयार हैं। दरअसल, संसद में नए राष्ट्रपति के चुनाव को लेकर सहमति बनाने की कोशिश चल रही थी। कुर्ती से उम्मीद की जा रही थी कि वह संसद के स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार के नाम का ऐलान करेंगे, लेकिन उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच अभी सहमति नहीं बन पाई है।

दो साल में तीन चुनाव, फिर भी सरकार बनाने का संकट

कोसोवो में पिछले दो साल से भी कम समय में तीन बार चुनाव हो चुके हैं। लगातार राजनीतिक मतभेदों के कारण संसद का कामकाज प्रभावित हो रहा है। हालिया चुनाव 7 जून को हुआ था, जिसमें कुर्ती की पार्टी ने 120 सदस्यीय संसद में 53 सीटें जीतीं। वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई, लेकिन बहुमत से दूर रही। ऐसे में सरकार बनाने और महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए कुर्ती को विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत है। इसी राजनीतिक खींचतान के बीच संसद में अंडे फेंकने की घटना ने कोसोवो की राजनीति में तनाव को एक बार फिर सामने ला दिया है।

Read More-मोजतबा खामेनेई को लेकर फिर बढ़ा सस्पेंस, अचानक सामने आया नया वीडियो, जानें कहां हैं ईरान के सुप्रीम लीडर

 

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img