बंगाल में चुनावी महासंग्राम: BJP-TMC के बीच कांटे की टक्कर, जाने क्या कह रहे शुरूआती रुझान

पश्चिम बंगाल की सियासत में आज की सुबह एक नई हलचल लेकर आई है। 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए जब आज वोटों की गिनती शुरू हुई, तो शुरुआती आंकड़ों ने राजनीतिक पंडितों के गणित को पूरी तरह बिगाड़ दिया। ताजा रुझानों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ी छलांग लगाते हुए 80 सीटों पर बढ़त बना ली है। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) फिलहाल 84 सीटों पर संघर्ष करती दिख रही है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि कांग्रेस और अन्य दल मैदान से लगभग गायब हैं, कांग्रेस महज 1 सीट पर आगे चल रही है। रुझानों की यह रफ्तार संकेत दे रही है कि बंगाल की जनता ने इस बार कुछ अलग ही फैसला सुनाया है।

भवानीपुर में कांटे की टक्कर

पूरे देश की नजरें इस वक्त कोलकाता की ‘भवानीपुर’ सीट पर टिकी हैं। यह महज एक विधानसभा सीट नहीं, बल्कि बंगाल की सत्ता का प्रवेश द्वार मानी जा रही है। यहां से खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मैदान में हैं, जिन्हें बीजेपी के फायरब्रांड नेता शुभेंदु अधिकारी से कड़ी चुनौती मिल रही है। शुरुआती राउंड की गिनती में यहां कभी ममता आगे हो रही हैं तो कभी शुभेंदु, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक और तनावपूर्ण हो गया है। अगर ममता बनर्जी यहां से पिछड़ती हैं, तो यह टीएमसी के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका होगा। भवानीपुर का सस्पेंस अभी भी बरकरार है और हर राउंड के साथ समर्थकों के दिलों की धड़कनें बढ़ती जा रही हैं।

भारी मतदान ने किसके लिए बिछाया कांटों का ताज?

इस बार के चुनाव में पश्चिम बंगाल ने अपने ही पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दो चरणों (23 अप्रैल और 29 अप्रैल) में हुए मतदान में कुल 92 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इतना भारी मतदान अक्सर एक बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है। पहले चरण की 152 और दूसरे चरण की 142 सीटों पर जनता ने जिस तरह घंटों लाइन में लगकर वोट डाला, उसका असर आज रुझानों में साफ दिख रहा है। बीजेपी इसे अपनी जीत की लहर बता रही है, जबकि टीएमसी को भरोसा है कि खामोश रहने वाले मतदाताओं ने उनके ‘विकास’ और ‘अस्मिता’ के नाम पर ही बटन दबाया है।

अगले कुछ घंटे तय करेंगे बंगाल का भविष्य

हालांकि ये अभी शुरुआती रुझान हैं और डाक मतपत्रों के बाद अब ईवीएम की गिनती के निर्णायक दौर शुरू हो रहे हैं, लेकिन बीजेपी की बढ़त ने विपक्षी खेमे में हलचल तेज कर दी है। बंगाल में सरकार बनाने के लिए 148 का जादुई आंकड़ा चाहिए, और अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि बाजी किसके हाथ लगेगी। क्या ममता बनर्जी चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रचेंगी, या फिर बीजेपी पहली बार बंगाल के सचिवालय ‘नबन्ना’ पर भगवा फहराएगी? जैसे-जैसे धूप चढ़ रही है, बंगाल की राजनीति का पारा भी बढ़ता जा रहा है। अगले 4-5 घंटों में तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Tags:

Read More-रोहित शेट्टी की किस फिल्म के फैन बने गृहमंत्री अमित शाह? मुलाकात के बाद खुलकर की तारीफ

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img