Ishan Kishan: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया के कई खिलाड़ी सुर्खियों में हैं, लेकिन इस समय सबसे ज्यादा चर्चा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की हो रही है। हालांकि इस बार चर्चा उनके शानदार खेल से ज्यादा उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर है। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में ईशान किशन ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच खत्म होने के बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीत का जश्न मनाते समय ईशान किशन अपनी गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया के साथ नजर आए। दोनों का यह खास पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसी के बाद से फैंस के बीच दोनों की शादी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
दादा से बातचीत में ईशान ने दिया शादी का संकेत
ईशान किशन की शादी को लेकर उनके परिवार की तरफ से भी दिलचस्प जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईशान के दादा रामानुग्रह पांडेय ने बताया कि उन्होंने अपने पोते से मजाकिया अंदाज में पूछा था कि क्या वे उसकी शादी तक जिंदा रह पाएंगे। इस पर ईशान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उनकी शादी अगले साल हो सकती है। इतना ही नहीं, उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि दादाजी को उनके बच्चे के जन्म तक भी रहना होगा ताकि वे उसे अपनी गोद में खिलाएं। दादा रामानुग्रह पांडेय ने कहा कि परिवार को ईशान के फैसले पर पूरा भरोसा है और वह जिस लड़की के साथ खुश रहेगा, परिवार उसे खुले दिल से स्वीकार करेगा। इस बयान के सामने आने के बाद से फैंस के बीच यह चर्चा और तेज हो गई है कि जल्द ही क्रिकेटर की शादी की आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
कौन हैं ईशान किशन की गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया
ईशान किशन की गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया भी काफी चर्चित नाम हैं। अदिति एक मॉडल और ब्यूटी पेजेंट विनर हैं। वह मिस डीवा 2018 का खिताब जीत चुकी हैं और फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता की फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। इसके अलावा वह कई नेशनल ब्यूटी कॉन्टेस्ट में भी हिस्सा ले चुकी हैं। अदिति राजस्थान के जयपुर की रहने वाली हैं और उनके पिता वहां घी के बड़े कारोबारी बताए जाते हैं। सोशल मीडिया पर अदिति काफी एक्टिव रहती हैं और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। अक्सर उन्हें क्रिकेट मैचों के दौरान स्टेडियम में ईशान किशन को सपोर्ट करते हुए देखा जाता है। दोनों के रिश्ते की चर्चा पहली बार आईपीएल 2019 के दौरान शुरू हुई थी, जब अदिति स्टेडियम में टीम को सपोर्ट करती हुई नजर आई थीं और उन्हें ‘मिस्ट्री फैनगर्ल’ कहा गया था।
काफी समय से चर्चा में है दोनों का रिश्ता
पिछले कुछ सालों से ईशान किशन और अदिति हुंडिया के रिश्ते को लेकर लगातार खबरें आती रही हैं। हालांकि दोनों ने सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते को लेकर बहुत ज्यादा बयान नहीं दिए, लेकिन कई मौकों पर दोनों साथ दिखाई दिए हैं। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले भी अदिति टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साथ डिनर में शामिल हुई थीं, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई थीं। फाइनल मैच के बाद स्टेडियम में जीत का जश्न मनाते समय ईशान द्वारा अदिति को गले लगाने का वीडियो वायरल होने के बाद से फैंस के बीच यह चर्चा और भी तेज हो गई है कि दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि अभी तक दोनों की तरफ से शादी की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन परिवार के संकेतों से यह साफ है कि आने वाले समय में क्रिकेटर की जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू हो सकता है।








