मंगलवार का दिन हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए किसी ऐतिहासिक पल से कम नहीं रहा। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ ने वो कर दिखाया, जिसकी उम्मीद बॉलीवुड पिछले कई सालों से कर रहा था। अल्लू अर्जुन की सुपरहिट फिल्म ‘पुष्पा 2’ को पछाड़ते हुए ‘धुरंधर’ अब भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन चुकी है। साल 2017 के बाद से बॉलीवुड जिस ताज को संभालने के लिए जूझ रहा था, वह आखिरकार वापस लौट आया है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 33वें दिन ‘धुरंधर’ का नेट इंडिया कलेक्शन करीब 831 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ‘पुष्पा 2’ के नाम था, जिसने 830 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था। मंगलवार को फिल्म ने करीब 5 करोड़ रुपये की कमाई कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और बॉलीवुड के खाते में सबसे बड़ी जीत दर्ज कर दी।
एक महीने तक नहीं थमी रफ्तार, हर दिन नया रिकॉर्ड
रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ रिलीज के पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर किसी मिशन की तरह आगे बढ़ती दिखी। फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड से लेकर हर हफ्ते जबरदस्त कलेक्शन किया। बड़े शहर हों या छोटे कस्बे, हर जगह दर्शकों की भीड़ सिनेमाघरों तक पहुंची।
खास बात यह रही कि एक महीने बाद भी फिल्म की कमाई में बड़ी गिरावट नहीं आई। सोमवार को जहां फिल्म ने 5.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, वहीं मंगलवार को भी आंकड़े लगभग इसी के आसपास रहे। यह गिरावट शुक्रवार के मुकाबले 50 प्रतिशत से भी कम रही, जो साफ दिखाता है कि दर्शकों की दिलचस्पी अब भी बरकरार है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि कंटेंट, रणवीर सिंह की दमदार परफॉर्मेंस और फिल्म का मजबूत वर्ड ऑफ माउथ ही इसकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा।
199 रुपये का दांव पड़ा भारी, जनता ने भर दिया थिएटर
मंगलवार को ‘धुरंधर’ के लिए एक खास रणनीति अपनाई गई, जिसने फिल्म की कमाई को नई रफ्तार दी। मेकर्स की ओर से टिकट की कीमत 199 रुपये से शुरू की गई, ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंचे। यह ऑफर लोगों को खूब भाया और इसका सीधा असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर देखने को मिला।
वर्किंग डे होने के बावजूद सिनेमाघरों में अच्छी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। खासकर फैमिली ऑडियंस और दोबारा फिल्म देखने वाले दर्शकों की संख्या में इजाफा हुआ। यही वजह रही कि मंगलवार का कलेक्शन सोमवार के बराबर पहुंच गया। इस ऑफर ने साफ कर दिया कि सही समय पर सही फैसला फिल्म की किस्मत बदल सकता है और ‘धुरंधर’ इसका सबसे बड़ा उदाहरण बन गई।
अब ताज फिर हिंदी सिनेमा के पास
अगर बीते करीब एक दशक के आंकड़ों पर नजर डालें तो यह जीत और भी बड़ी लगती है। एक समय था जब आमिर खान की ‘3 इडियट्स’, ‘धूम 3’, ‘पीके’ और फिर ‘दंगल’ जैसी फिल्मों ने हिंदी सिनेमा को बॉक्स ऑफिस का बादशाह बनाए रखा। लेकिन 2017 में आई पैन-इंडिया फिल्म ‘बाहुबली 2’ ने 400 और 500 करोड़ क्लब पार कर पूरा गेम बदल दिया।
इसके बाद कई साल तक साउथ की पैन-इंडिया फिल्मों का दबदबा रहा। 2023 में शाहरुख खान की ‘पठान’ और ‘जवान’ ने थोड़ी राहत दी, लेकिन फिर ‘पुष्पा 2’ ने 830 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर बॉलीवुड को फिर पीछे छोड़ दिया। अब रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने न सिर्फ ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि यह साबित कर दिया कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अब भी वो दम है, जो पूरे देश को सिनेमाघरों तक खींच सके।
फिलहाल ट्रेड पंडितों का मानना है कि ‘धुरंधर’ की रफ्तार अभी पूरी तरह थमी नहीं है और आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और ऊपर जा सकता है। बॉलीवुड के लिए यह सिर्फ एक फिल्म की जीत नहीं, बल्कि खोए हुए भरोसे और ताज की शानदार वापसी है।
Read more-हाईवे पर अचानक बिखर गया ‘सफेद खजाना’! हापुड़ में ट्रक से गिरी चांदी, लूटने दौड़ पड़े लोग








