IPL 2026 के रोमांच के बीच क्रिकेट के मैदान से एक ऐसी खबर आई है, जिसने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खेमे में खलबली मचा दी है। आईपीएल में लगातार बेंच पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करने वाले न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने अब मैदान पर कदम रखते ही बल्ले से आग उगल दी है। दरअसल, जब रचिन रविंद्र को समझ आ गया कि केकेआर उन्हें इस सीजन में प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं देने वाली, तो उन्होंने बेंच पर बैठकर वक्त गंवाने के बजाय देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का फैसला किया। केकेआर को बीच सफर में छोड़ जब यह खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरा, तो उसने एक ऐसा धमाकेदार शतक जड़ दिया, जिसने आईपीएल फ्रेंचाइजी की रणनीतियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
2 करोड़ की कीमत और केकेआर की बेरुखी
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 की नीलामी में रचिन रविंद्र की काबिलियत पर भरोसा जताते हुए उन्हें 2 करोड़ रुपये में अपने पाले में शामिल किया था। फैंस को उम्मीद थी कि इस बाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज का जलवा ईडन गार्डन्स पर देखने को मिलेगा, लेकिन केकेआर मैनेजमेंट ने पूरे सीजन उन्हें सिर्फ बेंच पर बिठाए रखा। एक भी मैच में मौका न मिलने से निराश रचिन ने अपनी प्राथमिकता बदली और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए न्यूजीलैंड टीम से जुड़ने का फैसला किया। ब्लैककैप्स इस समय इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में एकमात्र टेस्ट मैच खेल रही है, जहां रचिन ने कड़ा प्रहार करते हुए केकेआर को आईना दिखा दिया है।
99 के फेर में किया ‘वैभव सूर्यवंशी’ वाला बड़ा कारनामा
इस मुकाबले में रचिन रविंद्र जब बल्लेबाजी करने उतरे तो उनके इरादे बिल्कुल साफ थे। उन्होंने आयरलैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए अपने टेस्ट करियर का 5वां शतक पूरा किया। इस शतकीय पारी के दौरान एक बेहद दिलचस्प वाकया देखने को मिला। जब रचिन 99 रन के निजी स्कोर पर थे, तो अमूमन बल्लेबाज नर्वस नाइंटीज के दबाव में सिंगल लेकर शतक पूरा करने की सोचते हैं। लेकिन रचिन ने यहां गजब की बहादुरी दिखाई और गगनचुंबी छक्का जड़कर अपनी सेंचुरी पूरी की। उनकी इस दिलेरी को देखकर सोशल मीडिया पर फैंस को भारत के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की याद आ गई, जो इस समय आईपीएल में इसी तरह के निडर अंदाज के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं।
आयरलैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड का शिकंजा और इंग्लैंड का मिशन
रचिन रविंद्र ने इस मैच में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 194 गेंदों का सामना किया और 121 रनों की शानदार पारी खेली। रचिन के अलावा कीवी विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए 186 रनों की बड़ी पारी खेली, जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 490 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। रनों के इस पहाड़ के जवाब में आयरलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और दूसरे दिन के लंच ब्रेक तक उसने महज 20 रन पर अपने 2 विकेट गंवा दिए हैं। आयरलैंड के खिलाफ इस एकमात्र टेस्ट के बाद न्यूजीलैंड की टीम 4 जून से इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी।
इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल:
पहला टेस्ट: 4-8 जून, लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड
दूसरा टेस्ट: 17-21 जून, द ओवल
तीसरा टेस्ट: 25-29 जून, ट्रेंट ब्रिज








