‘एक कचौड़ी, दो समोसा… BJP पर नहीं भरोसा’, अखिलेश ने Gen-Z के नारे को बनाया सियासी हथियार, फिर कही ये बात

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने गुरुवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान युवाओं के बीच चर्चित हो रहे एक नारे को राजनीतिक अंदाज में इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, “एक कचौड़ी, दो समोसा- बीजेपी पर नहीं भरोसा।” अखिलेश ने Gen-Z और PDA को जोड़ते हुए दावा किया कि आने वाले समय में दोनों मिलकर बीजेपी को सत्ता से बाहर करने की दिशा में काम करेंगे। उनका यह अंदाज चर्चा में रहा।

Gen-Z को लेकर अखिलेश ने क्या कहा?

अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि युवा पीढ़ी की सोच और उसकी आवाज को राजनीति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने Gen-Z का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह वर्ग PDA के साथ मिलकर अपनी राजनीतिक भूमिका निभा सकता है। उन्होंने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जो लोग उसे हराना चाहते हैं, उनके लिए समाजवादी पार्टी के दरवाजे खुले हैं। अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है, जब युवाओं के बीच सोशल मीडिया ट्रेंड और तुकबंदी वाले नारों का इस्तेमाल राजनीतिक बहस का हिस्सा बन रहा है।

PM मोदी के Gen-Z कार्यक्रम पर भी बोले अखिलेश

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav)  ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के Gen-Z से जुड़े कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सपा पहले ही युवाओं के लिए ‘भजन जैमिंग’ जैसे कार्यक्रम की बात कर चुकी थी और अब पार्टी युवाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी के आने वाले चुनावी घोषणापत्र में नौजवानों से जुड़े मुद्दों को जगह दी जाएगी। हालांकि उन्होंने इस दौरान किसी कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा या तारीख की जानकारी नहीं दी।

राज्यसभा चुनाव पर बोले- कुछ विधायक संपर्क में

राज्यसभा चुनाव को लेकर भी अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने अपनी रणनीति के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि सपा के तीसरे उम्मीदवार के लिए जरूरी संख्या पूरी करने के बाद नाम की घोषणा की जाएगी। उनके मुताबिक विधायकों से बातचीत और समर्थन जुटाने की प्रक्रिया चल रही है। अखिलेश ने यह भी दावा किया कि कुछ विधायक सपा के संपर्क में हैं और पार्टी के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। हालांकि यह उनका राजनीतिक दावा है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Read More-59 मिनट तक बराबरी, आखिरी मिनट में पलटा मैच: भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया; फाइनल में एंट्री

 

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img