उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में तैनात सीओ सिटी अशोक सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला अब राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बन गया है। वीडियो में CO कथित तौर पर मूंछों पर ताव देते हुए अखिलेश यादव का नाम लेकर बात करते नजर आए थे। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब अखिलेश यादव से इस वीडियो को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, “उसकी मूंछें छोटी थीं।” हालांकि, CO अशोक सिंह ने वीडियो को लेकर सफाई दी है और कहा है कि उनके बयान को क्रॉप करके सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
छात्रों को जोड़ने के लिए सपा का नया अभियान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने समाजवादी छात्र सभा के एक नए छात्र जागरूकता अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्र सभा के कार्यकर्ता विश्वविद्यालयों और कॉलेज कैंपस में जाकर युवाओं से संवाद करेंगे। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी के छात्रों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ना बताया गया है। अखिलेश के मुताबिक, आज के युवाओं की सोच अलग है और उनकी बातों को समझने के लिए सीधे उनके बीच जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि छात्रों से मिलने वाले सुझावों को पार्टी के घोषणापत्र में भी जगह दी जा सकती है।
PDA को बताया प्रेम, दया और अपनापन
अखिलेश यादव ने PDA को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित और वंचित लोगों को साथ लाने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक PDA का अर्थ केवल राजनीतिक समीकरण नहीं है, बल्कि इसमें प्रेम, दया और अपनापन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि समाज में नफरत की राजनीति के बजाय लोगों को जोड़ने पर जोर दिया जाना चाहिए। इसी सोच के साथ छात्र सभा युवाओं के बीच अपना संदेश पहुंचाएगी।
‘बंधु राष्ट्र’ का संदेश देने की बात
सपा प्रमुख ने कहा कि छात्र सभा का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे का संदेश देना होगा। उन्होंने Gen-Z और नई पीढ़ी के विचारों को अभियान से जोड़ने की बात कही। अखिलेश ने यह भी कहा कि भविष्य में सरकार बनने पर छात्रों को विदेशों में भेजकर वहां की छात्र राजनीति और स्टूडेंट यूनियन की व्यवस्था को समझने का अवसर देने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने छात्र सभा के अभियान में नीले रंग को भी विचारधारा और अन्याय के खिलाफ आवाज से जोड़ते हुए बीजेपी पर निशाना साधा।
Read More-एशिया कप में पाकिस्तानी खिलाड़ी के जूते की क्यों हो रही चर्चा? विराट कोहली से है खास कनेंक्शन







