Home देश ‘आज मेरा अंत या फिर…’ व्हाट्सएप पर खौफनाक चेतावनी देकर पति ने...

‘आज मेरा अंत या फिर…’ व्हाट्सएप पर खौफनाक चेतावनी देकर पति ने पार की हैवानियत की हदें, रोंगटे खड़े कर देगी वारदात!

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। चरित्र पर शक के चलते पति ने सरेआम पत्नी की हत्या कर दी। वारदात से पहले उसने मोबाइल पर एक डरावना स्टेटस भी लगाया था।

कोल्हापुर

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। पेठवडगांव इलाके में एक शख्ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खौफनाक कदम को उठाने से ठीक पहले आरोपी पति ने अपने मोबाइल पर एक बेहद डरावना स्टेटस लगाया था। उसने लिखा था, ‘आज मेरा अंत, नहीं तो किसी और का…’। इस स्टेटस को पोस्ट करने के कुछ ही देर बाद उसने अपनी इस धमकी को हकीकत में बदल दिया और बीच सड़क पर अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले से आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर चुकी थी।

प्रेम विवाह का ऐसा खूनी अंजाम

मृतक महिला की पहचान अमृता कांबले के रूप में हुई है। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अमृता और आरोपी दीपक कांबले ने करीब आठ साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों की दो मासूम बेटियां भी हैं, जो अब इस घटना के बाद पूरी तरह से अनाथ जैसी स्थिति में आ गई हैं। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ साल तो ठीक बीते, लेकिन पिछले कुछ समय से दीपक अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था। इसी शक की वजह से दोनों के बीच आए दिन गंभीर झगड़े और तनाव रहने लगा था। यह शक इस कदर दीपक के दिमाग पर हावी हो गया कि उसने आठ साल पुराने प्यार और अपने हंसते-खेलते परिवार को पल भर में तबाह करने की साजिश रच डाली।

वकील के दफ्तर के बाहर खूनी ड्रामा

घटना वाले दिन बुधवार को अमृता एसटी बस स्टैंड के पीछे स्थित एक कॉम्प्लेक्स में अपने वकील से मिलने पहुंची थीं। मुमकिन है कि वह रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर कोई कानूनी रास्ता तलाश रही थीं। इसी बीच दीपक भी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। कॉम्प्लेक्स के बाहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते गुस्सा दीपक के सिर पर इस कदर सवार हुआ कि उसने अपने पास छिपाकर रखा धारदार हथियार (कोयता) निकाला और अमृता पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। वहां मौजूद कुछ युवकों ने जब अमृता को बचाने की कोशिश की, तो दीपक ने चिल्लाकर कहा, ‘यह मेरी पत्नी है, बीच में मत पड़ो।’ इसके बाद उसने फिर से वार किए, जिससे अमृता की मौके पर ही मौत हो गई।

मूंछों पर ताव देकर भागने की कोशिश

इस पूरी वारदात में सबसे ज्यादा हैरान और विचलित करने वाली बात हत्या के तुरंत बाद आरोपी का बर्ताव रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमृता को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी दीपक के चेहरे पर पछतावे का कोई भाव नहीं था। उसने सरेआम चिल्लाकर कहा कि ‘विषय खत्म कर दिया’ और बेहद ठंडे दिमाग से अपनी मूंछों पर ताव देते हुए वहां से भागने की कोशिश की। हालांकि, उसकी यह हेकड़ी ज्यादा देर नहीं चल सकी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाई और नाकेबंदी करके आरोपी दीपक कांबले को कुछ ही समय में हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच में जुट गई है।

Read more-कप्तान श्रेयस अय्यर पर फूटा Anil Kumble का गुस्सा? कहा- ‘वर्ल्ड चैंपियन टीम से ऐसी उम्मीद…’

Exit mobile version