Mumbai News: मुंबई के मुलुंड ईस्ट स्थित टाटा कॉलोनी के लेबर कैंप में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कैंप में रहने वाले मजदूरों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। अपनी जान बचाने के लिए लोग आनन-फानन में कैंप से बाहर निकलने लगे। यह लेबर कैंप धारावी से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए तैयार किए जा रहे प्रोजेक्ट परिसर में बना है। कैंप G+1 ढांचे में बनाया गया है, जहां बड़ी संख्या में मजदूर रह रहे थे।
धमाकों से दहला इलाका, 7 गैस सिलेंडर फटे
आग के दौरान कैंप के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके होने लगे। जोनल DCP के अनुसार, अब तक 7 गैस सिलेंडर फटने की जानकारी सामने आई है। धमाकों का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग के बीच तेज आवाज के साथ सिलेंडर फटते दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती तौर पर गैस सिलेंडर से आग शुरू होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और संबंधित टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लोगों को सुरक्षित निकाला
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। इसके अलावा एंबुलेंस, नवघर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से बचाव अभियान शुरू किया और आग पर काबू पाने की कोशिश की। अधिकारियों के मुताबिक, कैंप में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।
मुंबई में पहले भी सामने आ चुकी है आग की बड़ी घटना
मुंबई में इससे पहले भी आग की कई घटनाएं सामने आती रही हैं। पिछले महीने गोरेगांव पश्चिम में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर एक टूरिस्ट बस में आग लग गई थी। बस से उठता धुआं गोरेगांव मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया था, जिसके बाद यात्रियों को वहां से बाहर निकाला गया। मौके पर दमकल, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें पहुंची थीं। तकनीकी खराबी के बाद बस में आग लगने की बात सामने आई थी। राहत की बात रही कि उस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ था।
