मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। साकीनाका के चांदीवली इलाके में 60 साल के असलम इशाक शेख की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। सड़क पर पानी भर जाने की वजह से उन्हें खुला मैनहोल दिखाई नहीं दिया। जैसे ही वह वहां से गुजरे, वह मैनहोल में गिर गए और तेज पानी के बहाव में बह गए। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और बीएमसी की टीम ने कई घंटों तक तलाश की। बाद में उनका शव बरामद कर लिया गया।
ठेकेदार पर होगी कार्रवाई
घटना के बाद मुंबई प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की बात कही है। उपमहापौर संजय घाडी ने कहा कि जिस ठेकेदार की लापरवाही से मैनहोल खुला रह गया, उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर समय पर मैनहोल को ढक दिया जाता या वहां सुरक्षा के इंतजाम होते, तो यह हादसा टल सकता था। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी मिलने पर कानूनी कार्रवाई होगी।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
इस हादसे के बाद कांग्रेस नेता नाना पटोले ने राज्य सरकार और बीएमसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि लापरवाही और भ्रष्टाचार की वजह से लोगों की जान जा रही है। उन्होंने हाल ही में बस पर पेड़ गिरने से एक बच्चे की मौत का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासन की बड़ी नाकामी दिखाती हैं।
बारिश में सावधानी बरतने की सलाह
शिंदे गुट के नेता दिलीप मामा लांडे ने कहा कि पुलिस और बीएमसी पूरे मामले की जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बारिश के मौसम में सभी मैनहोल की जांच की जाए और खुले मैनहोल के आसपास बैरिकेड लगाए जाएं। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि भारी बारिश और जलभराव के दौरान सावधानी से निकलें, क्योंकि पानी में गड्ढे और खुले मैनहोल दिखाई नहीं देते।
Read More-समंदर में भारतीय क्रू का शिकार करने आए थे खूंखार लुटेरे, अचानक आसमान से टपके MARCOS कमांडो और फिर…
