Home देश बाइक से जा रहा था डिलीवरी बॉय, अचानक गर्दन में फंसा कुछ...

बाइक से जा रहा था डिलीवरी बॉय, अचानक गर्दन में फंसा कुछ ऐसा कि चली गई जान

गाजियाबाद में चाइनीज मांझे से 25 वर्षीय डिलीवरी बॉय रवि राज की गर्दन कट गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

डिलीवरी बॉय

Ghaziabad News: गाजियाबाद में चाइनीज मांझे ने एक बार फिर जान ले ली। मेरठ-दिल्ली हाईवे पर बाइक से जा रहे 25 वर्षीय डिलीवरी बॉय की गर्दन पतंग के मांझे से कट गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हाईवे पर अचानक हुआ दर्दनाक हादसा

गाजियाबाद में 15 अगस्त को एक दर्दनाक हादसे में रवि राज नाम के युवक की मौत हो गई। रवि मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला था और नोएडा के सेक्टर-63 स्थित बहरामपुर इलाके में रहता था। वह ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। घटना के समय रवि अपने दोस्त नरेश के साथ बाइक से गाजियाबाद की तरफ जा रहा था। दोनों खोड़ा होते हुए मेरठ-दिल्ली हाईवे से गाजीपुर की ओर बढ़ रहे थे। बाइक रवि चला रहा था, जबकि नरेश पीछे बैठा था।

अचानक गर्दन में फंसा मांझा, नहीं संभली बाइक

पुलिस के मुताबिक, दोनों जब मीडिया हाउस के पास पहुंचे, तभी अचानक पतंग का मांझा रवि के गले में आकर फंस गया। बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण मांझा उसकी गर्दन को काटता चला गया। देखते ही देखते रवि की गर्दन से खून निकलने लगा। हादसे के दौरान बाइक भी अनियंत्रित होने लगी। पीछे बैठे नरेश ने किसी तरह बाइक का हैंडल संभाला और उसे सड़क किनारे रोका। इसके बाद रवि को तुरंत इलाज के लिए मैक्स अस्पताल, वैशाली ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बिहार का रहने वाला था रवि, नोएडा में करता था काम

एसीपी इंदिरापुरम सूर्य बलि के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय रवि राज के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम पवन कुमार बताया गया है। रवि का मूल गांव गोपालपुर, जिला खगड़िया, बिहार था। वह फिलहाल नोएडा के बहरामपुर की गली नंबर 11 में रह रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना में इस्तेमाल हुए चाइनीज मांझे के स्रोत का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।

प्रतिबंध के बावजूद नहीं रुक रही चाइनीज मांझे की बिक्री

चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध होने के बावजूद इसके इस्तेमाल से लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। गाजियाबाद की घटना ने एक बार फिर इस खतरनाक मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि चाइनीज मांझा बेचने और खरीदने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी प्रदेश के अलग-अलग शहरों में इसके कारण लोग घायल हो चुके हैं। गोरखपुर में हाल ही में एक युवक मांझे की चपेट में आकर घायल हुआ था, जबकि बरेली में भी एक मंत्री के भतीजे के घायल होने की खबर सामने आई थी। इन घटनाओं के बावजूद इसकी बिक्री पूरी तरह रुक नहीं पाई है।

Read more-कौन थे शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार? जो बने कीर्ति चक्र पाने वाले UP के पहले पुलिसकर्मी

Exit mobile version