Home देश आज BJP में होगा बड़ा ऐलान? नितिन नवीन की टीम को लेकर...

आज BJP में होगा बड़ा ऐलान? नितिन नवीन की टीम को लेकर बढ़ी हलचल

BJP में संगठनात्मक बदलाव की तैयारी तेज है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज नई टीम का ऐलान कर सकते हैं। जानिए महिलाओं, युवाओं और अनुभवी नेताओं को लेकर क्या है प्लान।

नितिन नवीन

भारतीय जनता पार्टी में संगठन को लेकर बड़ा बदलाव होने की चर्चा तेज हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपनी नई टीम का ऐलान आज कर सकते हैं। जनवरी में अध्यक्ष पद संभालने के बाद से ही उनकी नई टीम के गठन का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवाओं को भी मौका दिया जा सकता है। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों, सामाजिक वर्गों और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखकर पदों का बंटवारा होने की संभावना है।

राष्ट्रीय पदाधिकारियों में महिलाओं को मिलेगा बड़ा प्रतिनिधित्व

बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे में इस बार महिलाओं की भागीदारी पर खास जोर दिया गया है। पार्टी के संविधान में किए गए बदलाव के अनुसार राष्ट्रीय स्तर के पदों में 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। कुल 38 राष्ट्रीय पदाधिकारियों में कम से कम 13 महिलाएं होना जरूरी है। संगठन में अधिकतम 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 9 राष्ट्रीय महामंत्री और 15 राष्ट्रीय मंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें एक महामंत्री संगठन का पद भी शामिल है। इसके अलावा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की नियुक्ति भी की जानी है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग से भी कम से कम तीन-तीन पदाधिकारी रखने का प्रावधान बताया गया है।

पार्लियामेंट्री बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति में भी बदलाव

नई टीम के साथ बीजेपी की महत्वपूर्ण संस्थाओं में भी फेरबदल हो सकता है। पार्टी की सबसे अहम निर्णय लेने वाली संस्था पार्लियामेंट्री बोर्ड का भी पुनर्गठन किया जाना है। इसमें अध्यक्ष सहित अधिकतम 11 सदस्य हो सकते हैं, हालांकि मौजूदा व्यवस्था में सदस्यों की संख्या 12 हो गई है। माना जा रहा है कि नए गठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही केंद्रीय चुनाव समिति का भी गठन होना है। इस समिति में पार्लियामेंट्री बोर्ड के सदस्य और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होते हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इन दोनों संस्थाओं में होने वाला बदलाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 120 सदस्य, युवाओं को भी मिल सकती है जगह

नितिन नवीन राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन करेंगे। यह बीजेपी की प्रमुख कार्यकारी संस्था है और इसमें अध्यक्ष के अलावा अधिकतम 120 सदस्य हो सकते हैं। तय नियमों के अनुसार इसमें कम से कम 40 महिलाएं और 12 सदस्य एससी-एसटी वर्ग से होने जरूरी हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष जरूरत के मुताबिक विशेष और स्थायी आमंत्रित सदस्यों को भी शामिल कर सकते हैं। राष्ट्रीय परिषद का भी गठन किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बार टीम में युवा चेहरों और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश होगी। साथ ही अलग-अलग राज्यों के राजनीतिक समीकरण और आने वाले विधानसभा चुनाव भी नई टीम के गठन में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Read More-आज से शुरू हुई जनगणना, घर-घर पूछे जाएंगे 40 सवाल; आधार से लेकर बैंक खाते तक की देनी होगी ये जानकारी

Exit mobile version