Noida News: उत्तर प्रदेश एंटी टेरर स्क्वॉड (ATS) ने नोएडा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हुए थे और भारत में बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। इन दोनों की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। इनके पास से पिस्टल, कारतूस, चाकू और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
स्लीपर सेल नेटवर्क और रेकी का टास्क
ATS के मुताबिक दोनों आरोपी न सिर्फ संपर्क में थे, बल्कि एक स्लीपर सेल नेटवर्क भी तैयार कर चुके थे। इनका काम देश के भीतर संवेदनशील स्थानों की रेकी करना था। जांच में यह भी सामने आया है कि इन्हें VIP और प्रभावशाली लोगों के घरों को निशाना बनाने की योजना दी गई थी। इसके लिए ग्रेनेड हमले की साजिश रची जा रही थी। दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपने हैंडलर्स के संपर्क में थे और गुप्त रूप से वीडियो व वॉइस कॉल का इस्तेमाल कर रहे थे।
पैसे और लालच के जरिए तैयार की गई साजिश
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इन दोनों को इस आतंकी गतिविधि के लिए पैसे का लालच दिया गया था। उन्हें पहले 50 हजार रुपये एडवांस देने और बाद में ढाई लाख रुपये देने का वादा किया गया था। इसके अलावा उन्हें विदेश भेजने का भी झांसा दिया गया था, जिसमें दुबई के रास्ते पाकिस्तान ले जाने की बात कही गई थी। बताया जा रहा है कि यह दोनों इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर और ISI से जुड़े लोगों के संपर्क में आए थे और धीरे-धीरे इस नेटवर्क का हिस्सा बन गए।
गहन पूछताछ जारी, बड़े खुलासों की उम्मीद
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और दिल्ली निवासी समीर खान के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 20 साल बताई जा रही है। ATS का कहना है कि ये दोनों कई हैंडलर्स जैसे आबिद जट, मेजर हमीद, इकबाल और अनवर के संपर्क में थे। अब इनसे रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि इस जांच में देश के भीतर फैले आतंकी नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े राज सामने आ सकते हैं।
Read More-दिल्ली के करोल बाग में तड़ातड़ गोलियों की गूंज, आपसी रंजिश में युवक को गोली मारकर फरार हुए हमलावर
