UP Constable Exam 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2026 का आज से आगाज हो गया है। यह परीक्षा प्रदेश के 75 जिलों में आयोजित की जा रही है और कुल तीन दिनों तक चलेगी। 8, 9 और 10 जून को होने वाली इस परीक्षा में करीब 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर केंद्र पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा का उद्देश्य कुल 32,679 पदों को भरना है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य जुड़ा हुआ है।
सुबह से शाम तक सख्त टाइमिंग
परीक्षा को दो शिफ्टों में आयोजित किया जा रहा है ताकि बड़े स्तर पर अभ्यर्थियों को शामिल किया जा सके। पहली शिफ्ट सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग टाइम भी तय किया गया है। पहली शिफ्ट के लिए सुबह 8:00 से 9:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट के लिए दोपहर 1:00 से 2:30 बजे तक रिपोर्ट करना अनिवार्य है। निर्धारित समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। तीन दिनों में कुल 6 शिफ्टों में परीक्षा पूरी कराई जाएगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हर परीक्षा केंद्र पर ड्रोन और CCTV निगरानी
यूपी पुलिस प्रशासन ने परीक्षा को नकल और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से भी बाहरी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि इस बार परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे।
बस यात्रा में 50% छूट और भीड़ प्रबंधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट की घोषणा की गई है, जिससे दूर-दराज से आने वाले उम्मीदवारों को राहत मिली है। कानपुर जैसे बड़े जिलों में विशेष तैयारी की गई है, जहां अकेले 56 केंद्रों पर करीब 1,17,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात व्यवस्था को सक्रिय किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
