Lucknow News: लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें ऊपर तक पहुंच गईं, जहां एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था। आग से उठे घने धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां मौजूद कई छात्र-छात्राएं अंदर फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात इतने गंभीर हो गए कि कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत की छत और छज्जों से नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी फंसे हुए छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने में प्रशासन की मदद की। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कई गाड़ियों की मदद से लगातार पानी की बौछार की।
कैसे लगी आग?
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने पूरे इलाके को एहतियातन घेर लिया है और इमारत में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास जारी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग बुझने के बाद विस्तृत जांच कराई जाएगी।
Read More-राम मंदिर के दान प्रबंधन पर क्यों उठ रहे सवाल? रसीद, जेवर और शिकायतों को लेकर सामने आए कई दावे
