प्रतिष्ठित सांसद रत्न पुरस्कार-2026 से सम्मानित होने के बाद डुमरियागंज सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जगदम्बिका पाल (Jagdambika Pal) के गृह जनपद बस्ती पहुंचने पर जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। लखनऊ से अयोध्या होते हुए बस्ती और फिर डुमरियागंज तक पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं के साथ अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और कई स्थानों पर नारेबाजी के साथ उनका स्वागत किया गया।
इटवा में सूपा चौराहे पर हुआ जोरदार अभिनंदन
स्वागत के क्रम में विधानसभा क्षेत्र इटवा के सूपा चौराहे पर भाजपा नेता जयवर्धन तिवारी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और स्थानीय नागरिकों ने सांसद जगदम्बिका पाल का स्वागत किया। इसके बाद डिडई चौराहे पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र पांडे की मौजूदगी भी रही। सांसद ने सभी के प्रति आभार जताया।
बड़े बन में भी दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह
बस्ती के बड़े बन क्षेत्र में भी जगदम्बिका पाल के पहुंचने पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। सांसद रत्न पुरस्कार मिलने के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचने को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह नजर आया। लोगों ने सम्मान मिलने पर उन्हें बधाई दी और इसे बस्ती व डुमरियागंज क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
मुरादीपुर में विधायक अजय सिंह ने संभाली स्वागत की कमान
हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के मुरादीपुर चौराहे पर विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में सांसद जगदम्बिका पाल का जोरदार स्वागत किया गया। यहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। फूल-मालाओं और नारों के बीच हुए स्वागत से पूरा चौराहा उत्साह से भर गया। विधायक अजय सिंह ने सांसद रत्न पुरस्कार को पूरे बस्ती जनपद के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि पाल की संसदीय सक्रियता और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की प्रतिबद्धता क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है।
Read More-सांसद जगदंबिका पाल को मिला बड़ा सम्मान, ‘सांसद रत्न-2026’ ने बढ़ाया डुमरियागंज का मान