Home UP आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 19 साल की युवती...

आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 19 साल की युवती का शव! दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से गांव में बवाल

प्रतापगढ़ के मानिकपुर में 19 साल की युवती का शव पेड़ से लटका मिला। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से गांव में तनाव, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी।

Pratapgarh News

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के पास स्थित एक आम के बाग में 19 साल की युवती का शव पेड़ से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह स्थान युवती के घर से महज लगभग 100 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने शव देखा और तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जब शव का निरीक्षण किया तो कई गंभीर संकेत सामने आए। युवती के शरीर पर चोट के निशान, खरोंच और दांत से काटने जैसे निशान पाए गए हैं, जिससे इस मामले को आत्महत्या नहीं बल्कि गंभीर अपराध की दिशा में देखा जा रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती को रात में किसी ने बहला-फुसलाकर घर से बाहर बुलाया और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को पेड़ से लटकाकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। घटनास्थल से लगभग 20 मीटर दूर युवती के कपड़े और चप्पल भी बरामद हुए हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

मां की हालत खराब

घटना की जानकारी मिलते ही जब मृतका की मां मौके पर पहुंची तो बेटी की हालत देखकर वह बेसुध हो गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गुस्सा और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित अपराध हो सकता है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

हर एंगल से हो रही पड़ताल

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Read More-नाबालिग हत्या केस में कांग्रेस सांसद को क्यो किया गया हाउस अरेस्ट? धरने पर बैठने के बाद प्रशासन अलर्ट 

Exit mobile version