Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा का ऐसा स्वागत हुआ, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। पहली बार झांसी पहुंचे रोहित मिश्रा के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने कुछ अलग करने की योजना बनाई। इलाइट चौराहे के पास देर रात बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और उनके सम्मान में करीब 200 किलो (2 कुंतल) फूलों की विशाल माला तैयार करवाई। माला इतनी बड़ी और भारी थी कि उसे इंसानों के सहारे पहनाना संभव नहीं था। इसके लिए क्रेन की मदद ली गई और सावधानी के साथ माला रोहित मिश्रा के गले में पहनाई गई। इस अनोखे स्वागत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्रेन से माला पहनाने का वीडियो बना चर्चा का विषय
नेताओं के स्वागत में बड़ी मालाएं और बुलडोजर जैसे अलग-अलग तरीके पहले भी देखने को मिले हैं, लेकिन झांसी में क्रेन के जरिए माला पहनाने का दृश्य लोगों के लिए नया था। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पूरे नजारे का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि क्रेन के सहारे विशाल माला को ऊपर उठाया जाता है और फिर धीरे-धीरे रोहित मिश्रा के गले में पहनाया जाता है। कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर नारे लगाए और अपने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। यह अनोखा अंदाज अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्वागत के बाद छात्रों और देश के मुद्दों पर भी बोले रोहित मिश्रा
स्वागत समारोह के बाद रोहित मिश्रा ने मीडिया से बातचीत भी की। उन्होंने हाल के छात्र आंदोलनों और जंतर-मंतर प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को देशहित को सबसे ऊपर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को सही दिशा दें और उन्हें देश के प्रति सकारात्मक सोच रखने के लिए प्रेरित करें। उनका कहना था कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और उन्हें जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की भागीदारी को जरूरी बताया।
लाठीचार्ज और आरक्षण सुधार पर भी रखी अपनी राय
छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर पूछे गए सवाल पर रोहित मिश्रा ने कहा कि किसी भी छात्र को चोट लगना दुखद है, लेकिन ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के घायल होने की घटनाएं भी उतनी ही चिंता की बात हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं, आरक्षण सुधार को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि समय और जरूरत के अनुसार सरकार उचित फैसला लेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार हर विषय पर सोच-समझकर निर्णय लेती है। कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
Read More-युवाओं से सीधा संवाद करेंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत, आखिर किन मुद्दों पर होगी बात?
