उत्तर प्रदेश के दो चर्चित आईपीएस अधिकारियों की शादी इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है. संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली में तैनात आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा जल्द ही विवाह बंधन में बंधने वाले हैं. राजस्थान में होने जा रहे इस भव्य समारोह में कई बड़े नेता और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होने वाले हैं. लेकिन इस शादी के साथ एक दिलचस्प सरकारी नियम भी चर्चा में आ गया है. दरअसल, भारत में IAS-IPS जैसे उच्च प्रशासनिक पदों पर तैनात अधिकारियों के लिए शादी सिर्फ निजी मामला नहीं होती, बल्कि उन्हें इसकी जानकारी सरकार को देना जरूरी होता है. कई मामलों में शादी से पहले औपचारिक अनुमति भी लेनी पड़ती है.
कैडर और पोस्टिंग से जुड़ा होता है बड़ा कारण
आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की शादी में सरकार की भूमिका का सबसे बड़ा कारण कैडर मैनेजमेंट होता है. हर अधिकारी को एक विशेष राज्य या कैडर में नियुक्त किया जाता है. अगर दो अधिकारी आपस में शादी करते हैं, तो अक्सर वे एक ही राज्य में पोस्टिंग की मांग करते हैं ताकि साथ रह सकें. ऐसे में केंद्र सरकार का कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) इस प्रक्रिया को संभालता है. सरकार को यह तय करना पड़ता है कि दोनों अधिकारियों की पोस्टिंग इस तरह की जाए कि प्रशासनिक कामकाज प्रभावित न हो और नियमों का पालन भी बना रहे. यही वजह है कि शादी से पहले अधिकारियों को औपचारिक जानकारी देना जरूरी होता है.
हितों के टकराव को रोकने के लिए बनाया गया नियम
सरकार का एक अहम उद्देश्य प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखना भी है. अगर दो अधिकारी आपस में शादी करते हैं या किसी प्रभावशाली परिवार से उनका रिश्ता जुड़ता है, तो इससे कई बार ‘कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट’ यानी हितों के टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है. इसलिए नियम यह सुनिश्चित करता है कि अधिकारी अपने पद का इस्तेमाल निजी रिश्तों के लिए न करें. शादी की जानकारी सरकार को देने से प्रशासन यह जांच सकता है कि कहीं किसी फैसले या पोस्टिंग में पक्षपात की संभावना तो नहीं बन रही.
नियमों के साथ मिलती है साथ रहने की सुविधा
हालांकि इन नियमों का मकसद सिर्फ नियंत्रण रखना नहीं होता, बल्कि अधिकारियों की व्यक्तिगत जिंदगी को भी संतुलित रखना होता है. अगर दो आईएएस या आईपीएस अधिकारी शादी करते हैं, तो सरकार आमतौर पर कोशिश करती है कि उन्हें एक ही राज्य या आसपास के क्षेत्र में पोस्टिंग मिल सके. इससे दोनों अपने कर्तव्यों को निभाते हुए पारिवारिक जीवन भी संभाल सकें. लेकिन यह सुविधा पूरी तरह नियमों और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर दी जाती है. यही कारण है कि उच्च प्रशासनिक सेवाओं में शादी भी एक आधिकारिक प्रक्रिया के दायरे में आती है.