महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकी 30 वर्षीय महिला पहलवान ने अपने तीन बच्चों के साथ नलदुर्ग किले से छलांग लगा दी। घटना में महिला, उसके पांच साल के बेटे और दो साल की जुड़वां बेटियों में से एक की मौत हो गई। वहीं दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। शुरुआती तौर पर इस घटना को हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस शिकायत के बाद मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। महिला के पिता ने अपनी बेटी को ससुराल में लंबे समय से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है।
शादी के बाद शुरू हुआ कथित प्रताड़ना का दौर
महिला की शादी 2020 में हुई थी। उसके एक बेटा और दो जुड़वां बेटियां थीं। पिता का आरोप है कि जुड़वां बेटियों के जन्म के बाद पति और ससुराल वाले पैसे, सोना और ऑटो-रिक्शा की मांग को लेकर बेटी को परेशान करने लगे थे। लगातार कथित प्रताड़ना से परेशान होकर महिला करीब तीन महीने पहले अपने मायके आकर रहने लगी थी। पिता के मुताबिक, मायके आने के बाद भी उसके पति और ससुराल वालों ने फोन पर उसे परेशान करना बंद नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि पिछले सप्ताह कुछ ऐसा हुआ, जिसके बाद उनकी बेटी ने यह कदम उठाया।
पति-ससुर समेत चार लोगों पर केस
महिला के पिता की शिकायत के आधार पर नालदुर्ग पुलिस ने पति, ससुर, सास और पति की बुआ समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पति और ससुर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। नालदुर्ग थाने के इंस्पेक्टर रवींद्र गायकवाड़ ने बताया कि शिकायत में नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था। पोस्टमार्टम और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read more-गंभीर के फेवरेट बताकर इन 2 खिलाड़ियों पर साधा निशाना, पूर्व क्रिकेटर के बयान से मचा बवाल
