मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में जन्माष्टमी के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। तीनों महिलाएं घिरोना हनुमान मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होने के बाद पैदल अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान NH-44 पर तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा।
मंदिर से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, तीनों महिलाएं मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली थीं। जन्माष्टमी के मौके पर वे घिरोना हनुमान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव देखने गई थीं। देर रात कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों पैदल अपने घर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान ग्वालियर की तरफ से दिल्ली की ओर जा रहे एक ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
महिलाओं को कुचलने के बाद दुकानों में घुसा ट्रक
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
स्टेयरिंग फेल या ब्रेक में खराबी? जांच से खुलेगा राज
ट्रक को हटाने के दौरान उसके स्टेयरिंग और ब्रेक सिस्टम में खराबी की आशंका सामने आई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, संभावना जताई जा रही है कि ट्रक का स्टेयरिंग अचानक लॉक हुआ या ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही पता चलेगा कि दुर्घटना वाहन की खराबी, तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से हुई।
चालक हिरासत में, तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे हादसे को लेकर पूछताछ की जा रही है। तीनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने हाईवे पर क्षतिग्रस्त ट्रक और दुकानों से मलबा हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराने की कार्रवाई भी की। जन्माष्टमी के खुशी के मौके पर हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।
