Home देश नीशु आजाद केस में चंद्रशेखर आजाद की एंट्री, CJP नेताओं के साथ...

नीशु आजाद केस में चंद्रशेखर आजाद की एंट्री, CJP नेताओं के साथ थाने पहुंचे; अब पुलिस से क्या मांग?

नीशु आजाद के पिता पर कथित हमले के मामले में CJP नेताओं के साथ नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे। पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई।

नीशु आजाद केस

नीशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित हमले के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी बीच नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी इस मामले में CJP नेताओं के समर्थन में सामने आए। वह CJP के आशुतोष रांका और सौरव दास के साथ दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे। तीनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की। यह पूरा मामला उस समय चर्चा में आया जब स्वतंत्र भारद्वाज नाम के व्यक्ति का एक पॉडकास्ट सामने आया, जिसमें उसने कथित तौर पर नीशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कड़े से हमला करने का दावा किया था। वीडियो सामने आने के बाद CJP नेताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

CJP नेता आशुतोष रांका ने पुलिस स्टेशन के बाहर कहा कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर के पास हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान नीशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी। उनका आरोप है कि मामले को लेकर लगातार न्याय की मांग की जा रही है, लेकिन पुलिस की तरफ से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। रांका ने दावा किया कि जिस व्यक्ति पर हमला करने का आरोप है, वह पॉडकास्ट में घटना का जिक्र कर रहा है, इसके बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि CJP नीशु आजाद और उनके पिता के साथ खड़ी है और पुलिस से मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

‘आरोपी खुलेआम घूम रहा है’, सौरव दास ने उठाए सवाल

पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर CJP नेता सौरव दास ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति पर सार्वजनिक रूप से हमला करने का आरोप है और वह खुद इस घटना का दावा करता हुआ वीडियो में नजर आता है, तो पुलिस को मामले की जांच करनी चाहिए। दास ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों को धमकाने की घटनाएं भी हुई हैं। उन्होंने कहा कि संगठन इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगा और पुलिस पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाता रहेगा। सांसद चंद्रशेखर आजाद के थाने पहुंचने से इस मामले को राजनीतिक समर्थन भी मिला है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।

क्या है पूरा मामला? 20 जुलाई की घटना से जुड़ा विवाद

दरअसल, 20 जुलाई को CJP के संसद मार्च के दौरान नीशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित हमले का मामला सामने आया था। आरोप स्वतंत्र भारद्वाज नाम के व्यक्ति पर लगाया गया है। बाद में एक पॉडकास्ट का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें भारद्वाज ने कथित तौर पर संजय कुमार पर कड़े से हमला करने की बात कही। बताया गया कि हमले के बाद संजय को चोट आई और उन्हें टांके भी लगे। वीडियो वायरल होने के बाद CJP नेताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। अब चंद्रशेखर आजाद के साथ CJP नेताओं के थाने पहुंचने के बाद मामला फिर चर्चा में है। संगठन की मांग है कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करे।

Read More-12 दिन से भूखे आदिवासी छात्रों से मिले अभिजीत दीपके, सरकार के खिलाफ कर दिया बड़ा ऐलान

Exit mobile version