निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर कथित हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। पुलिस उसे बुलंदशहर के चोला थाने लेकर गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट सामने आया, जिसमें उन्होंने संजय कुमार के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तूल पकड़ लिया।
संसद मार्ग थाने पहुंचे CJP और दूसरे नेता
वीडियो सामने आने के बाद CJP के आशुतोष रांका और सौरव दास समेत कांग्रेस छात्र इकाई के विनोद जाखड़, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और कई कार्यकर्ता दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि पुलिस और नेताओं के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद पुलिस की ओर से मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने की बात कही गई।
SC-ST एक्ट और मेडिकल रिपोर्ट पर नजर
पुलिस के मुताबिक, स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की गई है। इसके साथ ही संजय कुमार का दोबारा मेडिकल कराने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की धाराएं तय की जाएंगी। रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि होने पर हत्या के प्रयास यानी अटेम्प्ट टू मर्डर की धारा भी जोड़ी जा सकती है। इससे पहले पुलिस ने 72 घंटे के भीतर स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी का भरोसा दिया था।
अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
मामले में CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आखिरकार पुलिस ने FIR दर्ज कर स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई होने में काफी समय लगा। उनका कहना है कि पुलिस के सामने हुई कथित घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई शुरू होने में करीब दो महीने लग गए। अब स्वतंत्र भारद्वाज के हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट इस मामले में आगे की कार्रवाई तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
Read More-CJP प्रवक्ता से मिले अखिलेश तो BJP ने घेरा, शाहनवाज बोले- ‘योगी के रहते यूपी में…’
