Home देश 9 दिन तक मलबे में फंसे रहे, फिर सुनाई दी आवाजें… ‘हरे...

9 दिन तक मलबे में फंसे रहे, फिर सुनाई दी आवाजें… ‘हरे कृष्ण’ का जाप करते रहे दो लोग जिंदा निकले

नेपाल बाढ़ के 9 दिन बाद त्रिशूली 3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की टनल से दो लोगों को जिंदा रेस्क्यू किया गया। मलबे में फंसे संजय और कबीर ने भगवान का जाप कर हिम्मत बनाए रखी।

नेपाल

नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। इसी बीच त्रिशूली के 3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से राहत देने वाली खबर सामने आई है। टनल के अंदर फंसे दो लोगों को रेस्क्यू टीम ने नौ दिन बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए लोगों की पहचान संजय शाह और कबीर महार्जन के रूप में हुई है। संजय प्रोजेक्ट में मैकेनिकल फोरमैन हैं, जबकि कबीर मैकेनिकल सुपरवाइजर के तौर पर काम करते थे। दोनों के सुरक्षित निकलने की खबर से उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई।

मलबे के बीच भगवान का नाम लेते रहे

रेस्क्यू के बाद संजय शाह ने बताया कि टनल के अंदर मुश्किल हालात के बावजूद उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी। वह लगातार ‘हरे कृष्ण’ मंत्र का जाप करते रहे। परिवार के मुताबिक, संजय और कबीर ने इन नौ दिनों के दौरान भगवान कृष्ण और हनुमान जी का नाम लेकर खुद को हिम्मत दी। संजय के परिजन देव कुमार शाह ने बताया कि आज जन्माष्टमी के दिन संजय से मुलाकात हुई और उन्होंने बताया कि भगवान का नाम लेने से उन्हें मुश्किल समय में हौसला मिलता रहा। परिवार ने इसे भगवान की कृपा बताया है।

आवाज सुनकर रेस्क्यू टीम को मिली उम्मीद

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम को टनल के भीतर से लोगों की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद बचाव दल ने उस हिस्से में अभियान तेज किया और दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कबीर महार्जन की बहन ने बताया कि परिवार ने एक समय उनके जिंदा मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। जैसे ही उनके सुरक्षित होने की खबर मिली, परिवार ने पूजा कर भगवान का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि नौ दिन तक टनल में फंसे रहने के बाद कबीर का जिंदा बाहर आना किसी चमत्कार से कम नहीं है। दोनों के बचने से टनल में फंसे अन्य लोगों के भी जीवित होने की उम्मीद बढ़ी है।

Read More-जन्माष्टमी पर राधा के रंग में रंगीं हेमा मालिनी, ‘राधा रास बिहारी’ की झलक ने जीता दिल

 

Exit mobile version