Home देश बाढ़ ने किया घायल, आंख की रोशनी भी गई… अब 53 साल...

बाढ़ ने किया घायल, आंख की रोशनी भी गई… अब 53 साल की हथिनी को अनंत अंबानी के वंतारा ले जाने की तैयारी, जानें क्यों?

नागालैंड में बाढ़ के दौरान घायल हुई 53 वर्षीय हथिनी जयमोती को बेहतर इलाज के लिए जामनगर स्थित वंतारा लाया जा रहा है।

बाढ़

जुलाई में नागालैंड और असम में आई भीषण बाढ़ के दौरान 53 वर्षीय हथिनी जयमोती तेज पानी की चपेट में आकर बह गई थी। स्थानीय लोगों और सरकारी एजेंसियों की मदद से उसे सुरक्षित बचाया गया, लेकिन बाढ़ के दौरान उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसके माथे, दाहिने कान, पेट, पूंछ के ऊपर और बाईं अंदरूनी जांघ पर घाव हैं। प्रजनन अंग के आसपास भी गहरा जख्म बताया गया है। सबसे गंभीर समस्या उसकी दाहिनी आंख में है, जिसकी वजह से वह उस आंख से देख नहीं पा रही है। इसके अलावा उसके पिछले पैर में पुरानी हड्डी की चोट भी है, जिसके कारण उसे चलने और भोजन-पानी तक पहुंचने में परेशानी होती है। बचाव के बाद स्थानीय स्तर पर उसकी ड्रेसिंग और दवाओं से देखभाल की जा रही थी।

लंबी सड़क यात्रा से बचाने के लिए एयरलिफ्ट

जयमोती की उम्र और कई गंभीर चोटों को देखते हुए उसे अब विशेषज्ञ इलाज की जरूरत है। इसी वजह से उसे जामनगर स्थित वंतारा ले जाया जा रहा है। लंबी सड़क यात्रा से होने वाली थकान और शरीर पर अतिरिक्त दबाव को कम करने के लिए उसके लिए हवाई यात्रा का विकल्प चुना गया है। वंतारा पहुंचने के बाद विशेषज्ञ पशु चिकित्सक उसकी पूरी मेडिकल जांच करेंगे। खासतौर पर आंख की चोट, पुराने पैर की समस्या और बाढ़ के दौरान हुए घावों की स्थिति का आकलन किया जाएगा। जरूरत के अनुसार उसका इलाज, पौष्टिक आहार और अन्य जरूरी देखभाल की जाएगी। घायल हाथी को विमान से ले जाना आसान नहीं होता, इसलिए मेडिकल टीम ने उसकी सुरक्षा और आराम को ध्यान में रखते हुए यात्रा की विशेष तैयारी की है।

इलाज के बाद लौट सकती है जयमोती, असम में भी बनेंगे मेडिकल सेंटर

जयमोती को वंतारा ले जाना उसका स्थायी स्थानांतरण नहीं है, बल्कि बेहतर चिकित्सा के लिए किया जा रहा अस्थायी मेडिकल ट्रांसफर है। इलाज के दौरान उसकी सेहत में सुधार पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। इस मामले के साथ ही बाढ़ और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी घटनाओं में घायल जानवरों के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत भी सामने आई है। इसी दिशा में वंतारा की ओर से असम में तीन वन्यजीव चिकित्सा केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव बताया गया है। इनमें हाथियों के लिए विशेष केंद्र भी शामिल होगा। वंतारा पशु बचाव, उपचार, पुनर्वास और संरक्षण के काम से जुड़ा है और इसकी स्थापना रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने की है। फिलहाल जयमोती के लिए सबसे अहम लक्ष्य उसकी चोटों का इलाज और उसे सुरक्षित तरीके से स्वस्थ करना है।

Read more-SP केके बिश्नोई को संभल से मिली ऐसी विदाई, आंखों में आंसू और गाड़ी को धक्का देते दिखे अधिकारी

Exit mobile version