Sapna Choudhary: हरियाणवी डांसर और सिंगर Sapna Choudhary ने रियलिटी शो The 50 में अपनी जिंदगी के उन पहलुओं को साझा किया, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। सपना ने बताया कि उनके खिलाफ करीब 35 मुकदमे दर्ज हैं। ये केस किसी व्यक्तिगत विवाद के नहीं, बल्कि उनके स्टेज शो के दौरान हुई भीड़ की अफरा-तफरी से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि कई बार कार्यक्रमों में लोग कुर्सियां फेंकने लगते थे, झगड़े हो जाते थे और माहौल बेकाबू हो जाता था। इसका असर सीधे उनके नाम पर पड़ा और प्रशासन ने कई जगहों पर उनके शो पर रोक लगा दी। खासकर बागपत, बड़ौत और मेरठ जैसे इलाकों में उनके नाम से कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलती थी। सपना ने कहा कि उस दौर में उन्हें काफी मानसिक तनाव झेलना पड़ा।
जब अपराधियों की महफिल में पहुंच गईं सपना
सपना चौधरी ने अपने संघर्ष के दिनों की एक डरावनी घटना भी सुनाई। उन्होंने बताया कि घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। ऐसे में जब भी कोई शो का ऑफर मिलता, वे बिना ज्यादा सवाल किए स्वीकार कर लेती थीं। एक रात देर से फोन आया और उन्हें परफॉर्मेंस के लिए बुलाया गया। जब वे वहां पहुंचीं तो नजारा देखकर घबरा गईं। कई टेबल सजी थीं और लोगों के पास खुलेआम हथियार रखे थे। करीब 50-55 लोग मौजूद थे और माहौल बेहद डरावना था। सपना ने बताया कि ऐसा लग रहा था जैसे कुछ लोग जेल से छूटकर जश्न मना रहे हों। उस समय वे बहुत असहज महसूस कर रही थीं, लेकिन पैसों की जरूरत के कारण उन्होंने हिम्मत करके परफॉर्म करना शुरू किया।
स्टेज पर बदसलूकी, गाल पर किस कर भागा शख्स
सपना ने बताया कि पहले उन्होंने एक सोलो गाना किया और फिर डुएट शुरू हुआ। परफॉर्मेंस के दौरान एक व्यक्ति बार-बार स्टेज के पास आकर उनके कान में कुछ कहने की कोशिश करता था। शोर ज्यादा था, इसलिए वे समझ नहीं पा रही थीं कि वह क्या कह रहा है। उनकी मां ने कार्यक्रम छोड़ने की बात कही, लेकिन आयोजकों ने कहा कि “डांस पूरा करो, पैसे दिए हैं।” इसी बीच वही शख्स अचानक पीछे से आया और सपना के गाल पर किस करके भाग गया। इस हरकत से सपना हैरान और आहत हो गईं। उन्होंने तुरंत डांस रोक दिया और बैकस्टेज चली गईं। उनकी मां ने सख्त शब्दों में विरोध जताया और कहा कि किसी की बेटी या बहन के साथ ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मां ने थामा हाथ, डर के बीच निकलीं बाहर
सपना ने बताया कि उस रात उन्हें अपनी जान का डर लग रहा था। उन्हें लगा कि पीछे से गोली भी चल सकती है। लेकिन उनकी मां ने हिम्मत दिखाई और उनका हाथ पकड़कर तेजी से बाहर निकल गईं। दोनों किसी तरह गेट पार करके कार तक पहुंचीं और वहां से तुरंत निकल गईं। सपना ने इसे अपनी जिंदगी की सबसे खतरनाक रात बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कई अनुभवों के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी। बाद में जब उन्होंने Bigg Boss में हिस्सा लिया, तो उनकी छवि बदली और करियर को नई दिशा मिली। आज वे मानती हैं कि संघर्ष ने ही उन्हें मजबूत बनाया है और वही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता है।
Read More-कब वापसी कर रहे RO-KO? अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए BCCI ने किया शेड्यूल का ऐलान






