न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उनके इस फैसले ने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है। 35 साल के विलियमसन ने तुरंत प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़ने का फैसला लिया है। लंबे समय तक न्यूजीलैंड टीम की सबसे बड़ी ताकत रहे विलियमसन अब देश के लिए खेलते नजर नहीं आएंगे। उनके संन्यास की खबर सामने आते ही दुनिया भर के क्रिकेट फैंस और खिलाड़ियों ने उन्हें शानदार करियर के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
न्यूजीलैंड के सबसे सफल बल्लेबाजों में रहे शामिल
केन विलियमसन ने अपने करियर में कई बड़े रिकॉर्ड बनाए। वह न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 19 हजार से ज्यादा रन बनाए। उनके बल्ले से 48 शतक और 6 दोहरे शतक भी निकले। अपनी शानदार बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने कई बार न्यूजीलैंड को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला। यही वजह है कि उन्हें दुनिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिना जाता है।
New Zealand icon draws curtains on a stellar international career.
More 👇https://t.co/DzDMqhmGqK
— ICC (@ICC) June 12, 2026
कप्तानी में भी दिलाई कई बड़ी सफलताएं
विलियमसन सिर्फ अच्छे बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि शानदार कप्तान भी रहे। उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने साल 2021 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता था। इसके अलावा टीम दो बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची और कई बार सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। मैदान पर उनका शांत स्वभाव और समझदारी भरे फैसले हमेशा चर्चा में रहे। उन्होंने अपनी कप्तानी से न्यूजीलैंड क्रिकेट को नई पहचान दिलाई।
संन्यास पर क्या बोले केन विलियमसन?
संन्यास की घोषणा के बाद केन विलियमसन ने कहा कि वह काफी समय से इस फैसले के बारे में सोच रहे थे। उन्हें लगता है कि अब यह फैसला लेने का सही समय है। उन्होंने कहा कि देश के लिए खेलना उनके लिए हमेशा गर्व की बात रही और उन्होंने हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की। विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए 110 टेस्ट, 175 वनडे और 93 टी20 मैच खेले। उनके नाम टेस्ट में 9,515 रन, वनडे में 7,257 रन और टी20 में 2,575 रन दर्ज हैं। उनके संन्यास के साथ न्यूजीलैंड क्रिकेट का एक यादगार अध्याय खत्म हो गया है।
Read More-राष्ट्रपति भवन मार्च से पहले कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच हुई नोकझोंक, हिरासत में कई नेता
