Home दुनिया रात के आसमान में धमाके और आग, मॉस्को हमले के बाद रूस...

रात के आसमान में धमाके और आग, मॉस्को हमले के बाद रूस ने यूक्रेन को घेरा

 मॉस्को में बड़े ड्रोन हमले के बाद रूस ने यूक्रेन के ड्नीप्रो पर मिसाइल हमला किया। जानें मॉस्को में नुकसान, रिफाइनरी और ताजा हमलों की पूरी जानकारी।

Russia Ukraine War

Russia Ukraine War:  रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में एक बार फिर हमलों की रफ्तार बढ़ गई है। मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेन की ओर से बड़े ड्रोन हमले के दो दिन बाद रूस ने यूक्रेन के ड्नीप्रो शहर को निशाना बनाया। शहर में बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले किए गए, जिसके बाद कई जगह आग और धुएं का गुबार दिखाई दिया। दोनों देशों के बीच लगातार हो रहे हमलों से तनाव और बढ़ गया है।

मॉस्को में सैकड़ों ड्रोन गिराने का दावा

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के मुताबिक, राजधानी की तरफ बढ़ रहे करीब 450 ड्रोन को मार गिराया गया। हमले के दौरान एक प्रमुख तेल रिफाइनरी और रिहायशी इमारत को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि ड्रोन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हुई और 20 लोग घायल हुए। सोफिनो में एक तीन मंजिला इमारत पर ड्रोन गिरने से एक महिला की मौत हुई, जबकि पांच लोग घायल हुए।

तेल रिफाइनरी को नुकसान, ऊर्जा ठिकाने बने निशाना

यूक्रेनी सैन्य अधिकारियों के अनुसार, मॉस्को की एक प्रमुख तेल रिफाइनरी की तीन अहम इकाइयों को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि यह रिफाइनरी मॉस्को क्षेत्र के एक बड़े हिस्से की ईंधन जरूरत पूरी करती है और यहां पेट्रोल, डीजल तथा विमान ईंधन का उत्पादन होता है। दूसरी ओर, यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को कीव और सूमी क्षेत्रों में रूसी हमलों में नौ लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे।

युद्ध में ऊर्जा और परिवहन ढांचे पर बढ़ा दबाव

पिछले कुछ दिनों में रूस और यूक्रेन की ओर से ऊर्जा, परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े ठिकानों पर हमले जारी हैं। रूसी सरकारी मीडिया के मुताबिक, रूस के नियंत्रण वाले खेरसॉन क्षेत्र में एक बस पर ड्रोन हमला भी हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हुई और उनमें एक चुनाव अधिकारी भी शामिल था। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने को लेकर सहमति का दावा किया था। हालांकि, जमीनी स्तर पर हमले जारी रहने की खबरें सामने आ रही हैं।

Read More-महाभारत के ‘भीम’ की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप, महिला की किस शिकायत के बाद कोर्ट ने भेजा जेल?

Exit mobile version