Home UP होली की छुट्टी में घर आया बेटा बना ‘कातिल’! पहले मां पर...

होली की छुट्टी में घर आया बेटा बना ‘कातिल’! पहले मां पर किया हमला, फिर बहन को चाकू से गोद डाला

Moradabad News: मझोला इलाके में भाई ने बहन की चाकू से हत्या कर दी और मां को भी घायल कर दिया। गुरुग्राम से होली पर घर आया आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। बुद्धि विहार स्थित गणेश पार्क के पास एक युवक ने अपनी ही सगी बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, जबकि मां को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। वारदात की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय हिमिशिका के रूप में हुई है, जबकि घायल मां नीलिमा को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुरुग्राम से होली पर घर आए थे भाई-बहन

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक हार्दिक गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करता है और होली के मौके पर छुट्टी लेकर अपने घर मुरादाबाद आया हुआ था। उसकी बहन हिमिशिका भी गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी और वह भी त्योहार की छुट्टियों में घर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हार्दिक अपनी मां नीलिमा के पास पहुंचा, जो एक फैक्ट्री में काम करती हैं। वह उन्हें कार से घर लेकर आया। जैसे ही मां घर के अंदर पहुंचीं, हार्दिक ने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान घर में मौजूद बहन हिमिशिका पर भी उसने ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।

मां की चीख से बाहर आए लोग, लेकिन तब तक हो चुकी थी देर

हमले के बाद घर के अंदर खून से लथपथ मां और बेटी को देखकर नीलिमा जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके की ओर दौड़े। लेकिन भीड़ को आता देख आरोपी हार्दिक तुरंत कार लेकर वहां से भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से मां और बेटी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हिमिशिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं नीलिमा का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस बात से हैरान हैं कि एक भाई अपनी ही बहन और मां पर इतना खतरनाक हमला कैसे कर सकता है।

पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी कुंवर रण विजय सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है, जिसके बाद यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। आरोपी हार्दिक फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं। साथ ही जिस कार से वह फरार हुआ है उसकी भी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके।

Read more-ओवल ऑफिस में आंखें बंद कर बैठे ट्रंप… कंधों पर पादरियों का हाथ, आखिर इस वायरल तस्वीर के पीछे क्या है पूरी कहानी?

Exit mobile version