उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल और समान पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने 2025 भर्ती के फिजिकल टेस्ट यानी PET का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत 32,679 पदों पर चयन होना है। लिखित परीक्षा और DV-PST में सफल अभ्यर्थियों को अब PET में शामिल होना होगा। फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और सामान्य जिलों में 7 अक्टूबर तक चलेगी।
कुछ जिलों में 8 अक्टूबर तक होगी परीक्षा
भर्ती बोर्ड के अनुसार, अधिक अभ्यर्थियों वाले मुरादाबाद, मेरठ और गाजियाबाद में PET की प्रक्रिया 8 अक्टूबर तक चलेगी। इन तीनों जिलों में 8 अक्टूबर को रिजर्व डे भी रखा गया है। बाकी जिलों में 7 अक्टूबर रिजर्व डे के तौर पर निर्धारित है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और अन्य जरूरी निर्देशों के लिए UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचना जरूर देखें।
पुरुषों को 4.8 KM और महिलाओं को 2.4 KM दौड़नी होगी
PET में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 4.8 किलोमीटर की दौड़ तय की गई है। इसे अधिकतम 25 मिनट में पूरा करना होगा। वहीं महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किलोमीटर की दूरी 14 मिनट में पूरी करनी होगी। निर्धारित समय में दौड़ पूरी नहीं करने वाले उम्मीदवार आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए अभी से रनिंग, स्टैमिना और गति पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।
इन उम्मीदवारों को मिलेगा PET में मौका
कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित हुई थी, जबकि इसका परिणाम 31 जुलाई को घोषित किया गया था। इसके बाद DV-PST में सफल और औपबंधिक रूप से सफल उम्मीदवारों को PET के लिए चुना गया है। फिजिकल टेस्ट का एडमिट कार्ड परीक्षा से करीब एक सप्ताह पहले बोर्ड की वेबसाइट पर जारी होने की जानकारी दी गई है। इसमें अभ्यर्थी अपने केंद्र, तारीख और रिपोर्टिंग टाइम की जानकारी देख सकेंगे।
Read More-ज्ञानेश कुमार के फैसलों पर सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा मामला, याचिका में की गई ये बड़ी मांग
