Home UP पत्नी को गोली मारकर घर लौटा मानस, हनुमान चालीसा के बीच बहन...

पत्नी को गोली मारकर घर लौटा मानस, हनुमान चालीसा के बीच बहन को मारा और फिर खुद उठाया खौफनाक कदम

गोमतीनगर में SBI कर्मचारी मानस बाजपेई ने पत्नी दिव्या मिश्रा की हत्या के बाद बहन को गोली मार दी और खुदकुशी कर ली। घर से तीन हथियार बरामद हुए हैं।

Lucknow Crime News

Lucknow Crime News: लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार को एक ही परिवार से जुड़ी तीन मौतों ने पूरे इलाके को हिला दिया। SBI में सीनियर असिस्टेंट के पद पर काम करने वाले मानस बाजपेई ने कथित तौर पर ICICI बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को गोली मार दी। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा और अपनी बीमार बहन को भी गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद मानस ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में लाशें पड़ी थीं और टीवी पर हनुमान चालीसा चल रही थी।

बैंक के बाहर पत्नी को मारी गोली, फिर घर पहुंचा मानस

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मानस और दिव्या के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों करीब एक साल से अलग रह रहे थे और उनके बीच पारिवारिक न्यायालय में मामला भी लंबित था। गुरुवार को मानस ICICI बैंक पहुंचा, जहां दिव्या रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर काम करती थीं। आरोप है कि बैंक के बाहर मानस ने दिव्या पर दो गोलियां चलाईं और फिर वहां से निकल गया। बताया जा रहा है कि वह ऑटो से अपने घर पहुंचा। खास बात यह रही कि घर जाने के रास्ते में वह सामान्य दिखाई दे रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने आसपास के दुकानदारों से सामान्य तरीके से बातचीत भी की और फिर घर के अंदर चला गया।

दरवाजा तोड़ा तो अंदर मिला खौफनाक मंजर

मानस का WhatsApp स्टेटस सामने आने के बाद पड़ोसियों को किसी अनहोनी का शक हुआ। उन्होंने उसे फोन करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कुछ पड़ोसी उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो तीन-चार लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़ दिया। अंदर कमरे में मानस और उसकी बहन के शव पड़े थे। टीवी पर हनुमान चालीसा और भक्ति गीत चल रहे थे। बताया जा रहा है कि मानस की बहन बीमार थी और वह घर में उसके साथ रहती थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

एक साल से चल रहा था विवाद, पुलिस ने बरामद किए तीन हथियार

पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद इस वारदात की अहम कड़ी माना जा रहा है। मानस और दिव्या के बीच करीब एक साल से मामला अदालत में चल रहा था। मानस के WhatsApp स्टेटस से भी पुलिस को घटना की संभावित वजह से जुड़े संकेत मिले हैं। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने मानस के घर से तीन हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले मानस की गतिविधियां क्या थीं और इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां किस तरह जुड़ी हुई हैं।

Read More-84 दंगों के दोषी पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार की मौत, तिहाड़ में उम्रकैद की सजा काट रहे थे

Exit mobile version