Home देश राम मंदिर चढ़ावे में सेंधमारी: 6 आरोपी हिरासत में, लेकिन FIR से...

राम मंदिर चढ़ावे में सेंधमारी: 6 आरोपी हिरासत में, लेकिन FIR से गायब इस ‘खास’ नाम ने खड़े किए बड़े सवाल!

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, 8 पर FIR और 6 हिरासत में। जानिए क्यों उठ रहे हैं ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर सवाल और अखिलेश यादव ने क्यों कसा तंज?

राम मंदिर

अयोध्या के भव्य राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे के पैसे गायब करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी मामले में आखिरकार पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामला तब सामने आया जब मंदिर के दानपात्र से पैसे गिनने वाले कर्मचारी ही नोटों का गबन करते हुए सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गए। पुलिस ने इस मामले में कुल 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें पैसा गिनने वाली टीम के मुखिया सुभाष श्रीवास्तव का नाम भी शामिल है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस खेल के पीछे के हर चेहरे को बेनकाब किया जा सके।

ड्राइवर का नाम शामिल, पर चंपत राय को मिली ‘क्लीन चिट’?

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा और विवाद जिस बात को लेकर है, वह है श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का नाम FIR में न होना। हालांकि, प्राथमिकी में चंपत राय के ड्राइवर टिन्नू यादव का नाम प्रमुखता से दर्ज है। इसके अलावा अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला और टिन्नू यादव के भतीजे मनीष यादव का नाम भी इस लिस्ट में है। मनीष यादव भी वहां पैसा गिनने का काम करता था। वीआईपी (VIP) से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या जांच की आंच सिर्फ निचले स्तर के कर्मचारियों तक ही सीमित रहेगी या बड़ी मछलियों पर भी शिकंजा कसेगा।

अखिलेश यादव का तीखा हमला: ‘फुनगी को फांसी, शाखाओं को माफी’

इस संवेदनशील मुद्दे पर अब उत्तर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर सीधा और तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भाजपा राज में नाइंसाफ़ी की दिखेगी ये झांकी, फुनगी को फांसी, शाखाओं को मिलेगी माफ़ी!” पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पहले एसआईटी (SIT) के बहाने सारे सबूत मिटा दिए गए होंगे ताकि यह तय किया जा सके कि किस बड़ी मछली को बचाना है और किसे फंसाना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे जांच का निष्कर्ष पहले ही निकाल लिया गया था और रिपोर्ट के आधार पर अब सिर्फ औपचारिकता पूरी की जा रही है।

आगे क्या होगा? पुलिस की रडार पर कई और नाम

चढ़ावा चोरी के इस सनसनीखेज मामले ने मंदिर की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए 6 आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दर्ज की गई FIR के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के बयानों के आधार पर जो भी अन्य लोग इस साजिश में शामिल पाए जाएंगे, उनके नाम भी केस में जोड़े जाएंगे। भक्तों की आस्था से जुड़े इस मामले में अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में जांच की सुई किस तरफ घूमती है और क्या कुछ और बड़े खुलासे होते हैं।

Read more-स्कूल में बच्चों के हाथ से कटवाए रक्षा सूत्र और कलवा… बस्ती में टीचर पर लगे आरोपों से मचा हड़कंप

Exit mobile version