LPU Protest: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में चल रहे छात्र प्रदर्शन के बीच यूनिवर्सिटी ने 28 सितंबर से अगले 10 दिनों तक नियमित कक्षाएं बंद करने का फैसला लिया है। साथ ही मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक टाल दिया गया है। यूनिवर्सिटी ने यह कदम छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है। नए एग्जाम शेड्यूल की जानकारी बाद में यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए दी जाएगी।
छात्रों के प्रदर्शन के बाद बिगड़े हालात
यह पूरा मामला छात्रा से कथित यौन उत्पीड़न की खबर के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। छात्रों ने आरोप लगाया था कि एक बाहरी व्यक्ति ने छात्रा के साथ हॉस्टल में घटना को अंजाम दिया और इसकी जानकारी हॉस्टल स्टाफ को दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, LPU प्रशासन ने इस आरोप को गलत और अफवाह बताया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और एक विशेष जांच टीम (SIT) भी बनाई गई है। पुलिस CCTV फुटेज, फोन डेटा और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
NH-44 पर प्रदर्शन, पुलिस से भी हुआ टकराव
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने यूनिवर्सिटी के बाहर जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया था। कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और पुलिस तथा प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच टकराव हुआ। बाद में हाईवे को खोल दिया गया और पुलिस ने हालात नियंत्रण में होने की जानकारी दी। यूनिवर्सिटी ने छात्रों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की हिंसा या प्रदर्शन में शामिल न हों।
घर जाने की सलाह, कैंपस में रहने वालों के लिए भी निर्देश
LPU ने 10 दिन की छुट्टी के दौरान छात्रों को अपने माता-पिता या अभिभावकों से सलाह लेकर घर जाने की अनुमति दी है। जो छात्र कैंपस में रहेंगे, उन्हें हॉस्टल या अपने रहने की जगह के अंदर रहने और बिना जरूरत बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। यूनिवर्सिटी ने छात्रों से आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने को कहा है। फिलहाल मिड-टर्म परीक्षाओं की नई तारीख घोषित नहीं हुई है।
Read More-त्योहार से पहले महंगाई की मार, इन इलेक्ट्रॉनिक चीजों के दाम बढ़ने की तैयारी
