बिहार के नालंदा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में उस समय लोगों की भीड़ लग गई, जब एक मैजिक गाड़ी वहां आकर रुकी। गाड़ी देखने में सामान्य थी, लेकिन जैसे ही उसमें बैठे लोग उतरने लगे, वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि 9 से 10 लोगों की क्षमता वाली इस गाड़ी में 40 से 45 लोग सवार थे। कुछ लोग गाड़ी के अंदर बैठे थे, जबकि कई लोग छत और पीछे लटककर सफर कर रहे थे। यह नजारा देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें खुली की खुली रह गईं।
घायल साथी का हाल जानने पहुंचे थे सफाईकर्मी
जानकारी के अनुसार, गाड़ी में सवार सभी लोग हरनौत नगर पंचायत के सफाईकर्मी थे। उनके एक साथी के साथ मारपीट हुई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अपने घायल साथी का हालचाल जानने के लिए सभी सफाईकर्मी एक साथ अस्पताल पहुंचना चाहते थे। इसी वजह से वे एक ही मैजिक गाड़ी में बैठकर हरनौत से बिहारशरीफ आ गए। हालांकि, इतने लोगों का एक छोटी गाड़ी में सफर करना काफी खतरनाक माना जा रहा है।
वीडियो वायरल, लोगों ने उठाए सवाल
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी ज्यादा ओवरलोड गाड़ी सड़क पर कैसे चलती रही। लोगों का कहना है कि रास्ते में ट्रैफिक पुलिस या प्रशासन की नजर इस वाहन पर क्यों नहीं पड़ी। कई लोगों ने इसे नियमों की खुली अनदेखी बताया है और कार्रवाई की मांग की है।
हादसा होता तो जा सकती थीं कई जानें
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर रास्ते में गाड़ी का टायर फट जाता या चालक का संतुलन बिगड़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इतने लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। अच्छी बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित अस्पताल पहुंच गए। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग के खतरे को सामने ला दिया है। अब लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
Read More-आखिर क्यों दो बार अमेरिकी राजनयिक को बुलाना पड़ा? ओमान तट पर हमलों को लेकर भारत ने दिखाई सख्ती
