अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने पहली बार इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे इस मामले पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने जो बयान जारी किया है, वही उनकी भी राय है। उन्होंने अलग से कोई नई टिप्पणी नहीं की, लेकिन साफ कर दिया कि वह संगठन के आधिकारिक बयान से पूरी तरह सहमत हैं। भागवत के इस बयान के बाद इस मुद्दे पर आरएसएस का रुख स्पष्ट माना जा रहा है।
दत्तात्रेय होसबाले ने क्या कहा था?
इससे पहले आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एक बयान जारी कर कहा था कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना से करोड़ों राम भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सबसे कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
मंदिर व्यवस्था मजबूत करने की भी कही बात
दत्तात्रेय होसबाले ने अपने बयान में यह भी कहा कि इस घटना को केवल एक आपराधिक मामला मानकर नहीं छोड़ा जाना चाहिए, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए मंदिर की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंदिर ट्रस्ट इस दिशा में जरूरी कदम उठाएगा। उनका कहना था कि श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए पारदर्शिता के साथ काम करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।
आरएसएस ने समाज से संयम बनाए रखने की अपील की
आरएसएस ने अपने बयान में यह भी कहा कि कुछ लोग इस घटना का इस्तेमाल समाज में भ्रम फैलाने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए लोगों को अफवाहों से बचना चाहिए और जांच पूरी होने तक धैर्य रखना चाहिए। संगठन ने अपील की कि किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और जांच एजेंसियों को अपना काम करने दें। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और सभी की नजर जांच के नतीजों पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
Read more-PM मोदी ने मंच से अचानक कहा- ‘सुन रहे हो न, विनोद’, अगले ही पल पंडाल में गूंजने लगी तालियां और ठहाके
