Home देश बिहार दारोगा भर्ती में बड़ा उलटफेर! 1799 पदों की मुख्य परीक्षा अचानक...

बिहार दारोगा भर्ती में बड़ा उलटफेर! 1799 पदों की मुख्य परीक्षा अचानक क्यों हई रद्द?

बिहार दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द कर दी गई है। 1799 पदों के लिए हुई परीक्षा पर BPSSC ने लिया बड़ा फैसला, जानें नई परीक्षा को लेकर क्या कहा गया है।

बिहार दारोगा भर्ती

बिहार में दारोगा बनने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। यह परीक्षा 1799 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। आयोग की ओर से बुधवार को इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की गई। इससे उन अभ्यर्थियों के बीच एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है, जो परीक्षा में शामिल हुए थे और लंबे समय से इसे लेकर सवाल उठा रहे थे। अब सभी की नजर इस बात पर है कि दोबारा परीक्षा कब कराई जाएगी और नई प्रक्रिया को लेकर आयोग की ओर से आगे क्या जानकारी सामने आती है।

27 मई को दो पालियों में हुआ था एग्जाम

BPSSC की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा 27 मई को दो पालियों में कराई गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने इसमें कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और अगर गड़बड़ी सामने आती है तो परीक्षा दोबारा आयोजित की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर पटना में अभ्यर्थियों की ओर से धरना-प्रदर्शन भी किया गया था। अब आयोग ने मुख्य परीक्षा को रद्द करने की जानकारी देकर भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव कर दिया है। हालांकि, परीक्षा रद्द करने के पीछे आयोग ने विस्तृत वजह बताने के बजाय इसे ‘अपरिहार्य कारणों’ से रद्द किए जाने की बात कही है।

नई तारीख का इंतजार, आयोग ने अभ्यर्थियों को दी खास सलाह

परीक्षा रद्द होने के बाद अब अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तारीख का इंतजार करना होगा। BPSSC ने साफ किया है कि दोबारा परीक्षा कब आयोजित होगी, इसकी जानकारी बाद में जारी की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे नई तारीख या भर्ती से जुड़े किसी भी अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। आयोग ने अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया या अन्य अनधिकृत माध्यमों से मिलने वाली जानकारी को लेकर भी सतर्क किया है। यानी परीक्षा की अगली तारीख, आवेदन या अन्य जरूरी निर्देशों के संबंध में कोई भी फैसला सामने आने पर उसकी पुष्टि आधिकारिक सूचना से करना जरूरी होगा।

अफवाहों से बचने की अपील, दलालों से भी सावधान रहने को कहा

आयोग ने अपने नोटिस में अभ्यर्थियों को भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। BPSSC ने कहा है कि असामाजिक तत्वों की ओर से अलग-अलग माध्यमों के जरिए गलत जानकारी फैलाई जा सकती है, इसलिए अभ्यर्थी ऐसी खबरों पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें। साथ ही आयोग ने दलालों से सावधान रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी पुलिस को देने की अपील भी की है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि 1799 पदों के लिए मुख्य परीक्षा की नई तारीख कब घोषित होगी। अभ्यर्थियों को अब आयोग की अगली आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा। तब तक उन्हें अपनी तैयारी जारी रखते हुए केवल प्रमाणिक अपडेट पर ध्यान देना होगा।

Read More-SIR विवाद में अभिजीत दीपके का बड़ा हमला, ज्ञानेश कुमार पर लगाए गंभीर आरोप; चुनाव आयोग ने भी दिया जवाब

Exit mobile version