Team India: जापान दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम को एक अलग तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और जापान के बीच एकमात्र टी20 मुकाबला खेला गया। बारिश की वजह से मैच काफी देर तक प्रभावित रहा और आखिरकार इसे घटाकर 5-5 ओवर का कर दिया गया। मैच के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि टीम को स्टेडियम तक पहुंचने में करीब तीन घंटे लग गए थे। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए यह सफर काफी लंबा रहा। अय्यर ने कहा कि अगर बारिश के कारण मैच पूरी तरह रद्द हो जाता, तो इतना लंबा सफर करने का कोई फायदा नहीं होता। हालांकि, आखिरकार मुकाबला हुआ और भारतीय टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की।
अय्यर ने जापान की टीम की भी तारीफ की
मुकाबले के बाद श्रेयस अय्यर ने जापान के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि वहां के फैंस मैच को लेकर काफी उत्साहित थे और खिलाड़ियों ने भी अपनी तरफ से अच्छा प्रदर्शन किया। अय्यर ने भारत और जापान के बीच 75 साल के कूटनीतिक संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैच भले ही सिर्फ 5 ओवर का हुआ, लेकिन टीम के लिए यह अनुभव अच्छा रहा। कप्तान ने यह भी कहा कि जिम्मेदारी के साथ दबाव आता है और उन्हें दबाव में खेलना पसंद है। बारिश के कारण लंबे इंतजार के बाद जब मुकाबला शुरू हुआ तो दोनों टीमों के बीच काफी करीबी मुकाबला देखने को मिला।
सिर्फ 2 रन से जीता भारत, ऐसा रहा मैच
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 5 ओवर में 4 विकेट खोकर 32 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से 16 रन बनाए और भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। जापान की ओर से चार्ली हारा-हिन्जे ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की टीम 5 ओवर में 3 विकेट पर 30 रन ही बना सकी। जापान के कप्तान केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग ने 12 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने दो विकेट लिए। इस तरह भारतीय टीम ने मुकाबला महज 2 रन से अपने नाम कर लिया।
Read More-CJP सौरव दास को आखिर किस बात का डर? दिल्ली पुलिस पर लगाया इस केस में फंसाने का आरोप
