आज के दौर में जब प्यार और रिश्तों की परिभाषा तेजी से बदल रही है, वहीं पारंपरिक अरेंज मैरिज मार्केट में भी एक नया और हैरान करने वाला ट्रेंड देखने को मिला है। पुणे के रहने वाले 29 वर्षीय एक युवा डेटा एनालिस्ट विकास ने अपनी जीवनसंगिनी की तलाश को किसी हाई-प्रोफाइल ऑफिस प्रोजेक्ट की तरह हैंडल किया। मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले विकास ने शादी की बात आगे बढ़ाने के लिए कोई पारंपरिक रास्ता नहीं चुना, बल्कि अपनी स्किल का इस्तेमाल करते हुए एक एडवांस्ड ‘Excel स्प्रेडशीट’ तैयार कर डाली। उनकी यह अनोखी कोशिश सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते यह खबर इंटरनेट पर सनसनी बन गई।
55 प्रोफाइल्स, ‘On Hold’ स्टेटस और फीडबैक का अनोखा सिस्टम
विकास द्वारा बनाई गई इस डिजिटल शीट में शादियों की बातचीत को मैनेज करने के लिए बेहद दिलचस्प केटेगिरी बनाई गई थीं। इस शीट में ‘Open’, ‘Closed’, ‘On Hold’ और ‘Talking’ जैसे कॉर्पोरेट जैसे स्टेटस मेंटेन किए जाते थे। सिर्फ इतना ही नहीं, विकास इसमें हर लड़की और उनके परिवार से हुई बातचीत का ब्योरा, फीडबैक, विचारों की समानता और ‘Strong Vibe’ जैसे पॉइंट्स भी बाकायदा नोट करते थे। एक मीडिया इंटरव्यू में विकास ने साझा किया कि जब उन्होंने इस सफर की शुरुआत की थी, तब उनके सामने कई प्रोफाइल थीं, जिन्हें याद रखना और मैनेज करना मानसिक रूप से काफी उलझन भरा था। इसी परेशानी से बाहर निकलने के लिए उन्होंने डेटा मैनेजमेंट का यह नायाब तरीका निकाला।
नवंबर की शुरुआत और जुलाई में मिला ‘The One’ का साथ
विकास के इस दिलचस्प सफर की शुरुआत नवंबर 2025 में हुई थी और जुलाई 2026 तक आते-आते उनकी तलाश पूरी हो गई। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने लगभग 55 अलग-अलग लड़कियों से बातचीत की, कई जगहों पर रिजेक्शन का सामना किया और कई बार परिवारों के बीच लंबी चर्चाओं के दौर चले। हालांकि, दिलचस्प बात यह रही कि जिस लड़की को उन्होंने आखिरकार अपनी जीवनसंगिनी के रूप में चुना, उससे उनकी बातचीत नवंबर के शुरुआती दौर से ही चल रही थी। अप्रैल के बाद उन्होंने बाकी सभी विकल्पों को बंद कर दिया और पूरी तरह से अपनी होने वाली पार्टनर पर ही अपना फोकस केंद्रित कर दिया।
इंटरनेट पर छिड़ी बहस, यूजर्स ले रहे हैं जमकर मजे
जैसे ही विकास की यह कहानी सोशल मीडिया पर सामने आई, इस पर मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। लोग इस बात पर चुटकी ले रहे हैं कि कैसे कॉर्पोरेट दुनिया के हुनर का इस्तेमाल अब निजी जिंदगी और रिश्तों को संवारने में किया जा रहा है। एक सोशल मीडिया यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अगर किसी कॉर्पोरेट बॉस को ऐसा कर्मचारी मिल जाए, तो वह खुशी से झूम उठेगा क्योंकि उन्हें डेटा ट्रैक करने का बहुत शौक होता है। वहीं, तमाम दूसरे यूजर्स ने विकास की इस शानदार सफलता पर उन्हें बधाई दी और इसे आधुनिक दौर का सबसे स्मार्ट जुगाड़ करार दिया।
Read more-NALSAR विवाद पर क्यों नरम पड़े मनन कुमार मिश्रा? दीपके के अल्टीमेटम के बाद दिया बड़ा बयान
