Home देश 65 साल की सफाईकर्मी बनी 30 साल की खूबसूरत डॉक्टर, AI के...

65 साल की सफाईकर्मी बनी 30 साल की खूबसूरत डॉक्टर, AI के जाल में फंसकर शख्स ने गंवाए लाखों रुपये

चीन में AI और फेस-स्वैपिंग तकनीक का हैरान करने वाला मामला आया सामने। 65 साल की महिला ने क्लीनर से खुद को 30 साल की डॉक्टर बताकर बिजनेसमैन से ठगे लाखों रुपये।

चीन

आज के दौर में सोशल मीडिया पर चमकता हुआ हर चेहरा असली हो, यह जरूरी नहीं है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और फेस-स्वैपिंग टेक्नोलॉजी ने लोगों को धोखा देना बेहद आसान बना दिया है। चीन से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 65 साल की एक महिला ने AI की मदद से खुद को 29 साल की खूबसूरत डॉक्टर बना लिया। इस नकली डिजिटल पहचान के जरिए उसने एक प्रॉपर्टी बिजनेसमैन को अपने प्यार के जाल में फसाया और बिजनेस कॉन्ट्रैक्ट का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए। जब इस शातिर ठगी का पर्दाफाश हुआ, तो पीड़ित और पुलिस दोनों के होश उड़ गए।

क्लीनर महिला ने खड़ी कर ली थी डॉक्टर वाली रसूखदार पहचान

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी महिला का नाम यू श्यूझेन है और उसकी असली उम्र 65 वर्ष है। वह किसी बड़े अस्पताल में डॉक्टर नहीं, बल्कि महज एक क्लीनर के रूप में काम करती थी। लेकिन सोशल मीडिया पर उसने खुद को शंघाई के एक प्रतिष्ठित अस्पताल की डॉक्टर बताया। अपनी इस झूठी पहचान को सच साबित करने के लिए उसने पिछले पांच सालों में AI टूल्स की मदद से लगभग 7 हजार फर्जी फोटो और वीडियो अपलोड किए थे। उसकी इस ग्लैमरस प्रोफाइल पर करीब 10 हजार फॉलोअर्स भी जुड़ चुके थे, जिससे किसी भी नए शख्स के लिए यह समझ पाना नामुमकिन था कि पर्दे के पीछे कोई और इंसान है।

प्यार और बिजनेस के झांसे में फंसकर गंवाए गाढ़े पसीने की कमाई

साल 2021 में शंघाई के रहने वाले प्रॉपर्टी कॉन्ट्रैक्टर लियू हुई की नजर इस फर्जी प्रोफाइल पर पड़ी। महिला ने डॉक्टर होने का धौंस जमाते हुए लियू को बड़े कंस्ट्रक्शन कॉन्ट्रैक्ट दिलवाने का भरोसा दिया। धीरे-धीरे ऑनलाइन बातचीत प्यार में बदल गई और लियू पूरी तरह इस मायाजाल में फंस गया। जब भी लियू ने मिलने या वीडियो कॉल करने की जिद की, तो महिला ने कभी अपनी मजबूरी तो कभी अपनी ‘मां’ का बहाना बनाकर बात टाल दी। हद तो तब हो गई जब महिला ने खुद अपनी मां बनकर लियू से शादी के लिए 3 लाख युआन और एक अपार्टमेंट की मांग कर डाली। भरोसे में अंधे हो चुके लियू ने पांच महीनों के भीतर करीब 1.70 लाख युआन यानी 25 हजार डॉलर ट्रांसफर कर दिए।

छोटे से डिस्क्लेमर ने खोली पोल, अब दे रहा है बड़ी सीख

पैसे देने के बाद भी जब न तो कोई बिजनेस डील हाथ लगी और न ही कथित डॉक्टर से मुलाकात हुई, तब लियू को शक हुआ और उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने ठगी के इन पैसों का इस्तेमाल कॉस्मेटिक सर्जरी और महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स खरीदने में किया था। हैरानी की बात यह है कि महिला के वीडियो में बहुत छोटे अक्षरों में लिखा था कि यह AI से जनरेटेड कंटेंट है, जिसे लियू ने कभी नोटिस नहीं किया था। यह घटना आज के डिजिटल युग में एक बड़ा सबक है कि सोशल मीडिया की वर्चुअल दुनिया पर आँख मूंदकर भरोसा करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है।

Read more-CSK के खिलाड़ी पर फिक्सिंग के आरोपों से मचा हड़कंप, अब इस दिन होने वाला है बड़ा फैसला!

Exit mobile version