कानपुर में हुई सनसनीखेज हिट-एंड-इन घटना के बाद गिरफ्तार आरोपी गीता सचान को न्यायालय से राहत मिल गई है। कोर्ट ने उन्हें निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया। इसके साथ ही, अदालत ने कानपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने जांच अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर एक सड़क हादसे के मामले में हत्या (मर्डर) की धाराएं किस आधार पर जोड़ दी गईं? अदालत की इस टिप्पणी के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि इस हाई-प्रोफाइल मामले में शुरुआत से ही पुलिस की धाराओं को लेकर सवाल उठ रहे थे।
‘बेटी से अनजाने में हुआ हादसा, कोई जानबूझकर ऐसा क्यों करेगा?’
रिहाई के बाद आरोपी गीता सचान के पिता अशोक कुमार मीडिया के सामने आए और उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। अशोक कुमार ने नम आंखों से कहा कि उनकी बेटी ने किसी को जानबूझकर नहीं कुचला है। उन्होंने कहा, “मुझे इस बात का पूरे तन-मन से अफसोस है, लेकिन यह एक भयानक हादसा था। कोई भी व्यक्ति जानकर ऐसा क्यों करेगा? हालांकि, इस घटना से जिस परिवार ने अपना सदस्य खोया है, उनकी खुशियां उजड़ गई हैं, जिसके लिए मैं बेहद दुखी हूं और देशवासियों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं।”
‘हमारे घर में भी नहीं जली दिवाली, त्योहार का गम साफ दिखा’
पिता ने यह भी स्पष्ट किया कि हादसे के बाद से उनके पूरे परिवार ने दीपावली का त्योहार नहीं मनाया। उन्होंने बताया कि घर में पूजा का सामान, दीये, मोमबत्तियां और मिठाइयां सब कुछ आ गया था, लेकिन हादसे के सदमे के कारण किसी ने दीप नहीं जलाए। सिर्फ उनकी छोटी बेटी ने औपचारिकता निभाते हुए दो-तीन दिए जला दिए थे, बाकी किसी ने कोई पटाखा नहीं फोड़ा और न ही कोई खुशी मनाई। पिता ने कहा कि वे अच्छी तरह जानते हैं कि जिस परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खोया है, उनके घर में इस बार क्या स्थिति रही होगी।
‘अच्छे ड्राइवरों से भी हो जाती हैं गलतियां’
अशोक कुमार ने अपनी बेटी के ड्राइविंग अनुभव का बचाव करते हुए कहा कि गीता पहली बार गाड़ी नहीं चला रही थी। वह लंबे समय से दिल्ली से गाड़ी चलाकर आ रही थी और उसके पास ड्राइविंग से जुड़े सभी वैध दस्तावेज भी मौजूद थे। पढ़ाई पूरी कर घर लौटी गीता हमेशा बड़ी गाड़ियां ही चलाती है। पिता ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना थी और कई बार अच्छे-अच्छे अनुभवी लोगों से भी ऐसे हादसे हो जाते हैं, जिसका अंदेशा किसी को नहीं होता।
Read more-दीपों की रोशनी से जगमगाए माता कात्यायनी और बाबा दुखछोर नाथ महादेव मंदिर, दिवाली पर उमड़े श्रद्धालु
